Babloo Srivastava News: लखनऊ की विशेष सीबीआई अदालत ने करीब 20 साल पुराने हाई-प्रोफाइल अपहरण मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन ओम प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ बबलू श्रीवास्तव को बड़ी राहत देते हुए पूरी तरह से बरी कर दिया है। 6 नवंबर 2026 को आए इस ऐतिहासिक फैसले ने देश के सबसे चर्चित ‘किडनैपिंग किंग’ से जुड़े एक बहुत मुश्किल मामले को सुलझा दिया है। अदालत ने यह फैसला अभियोजन पक्ष द्वारा ठोस सबूत पेश न कर पाने के आधार पर सुनाया है।
Babloo Srivastava News: क्या था 20 साल पुराना मामला?
यह पूरा मामला पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित प्रसिद्ध होटल लिंगटन (Linton) के मालिक के अपहरण की साजिश से जुड़ा हुआ था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का आरोप था कि जब यह वारदात हुई, तब बबलू श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश की प्रयागराज स्थित नैनी सेंट्रल जेल में बंद था। जांच एजेंसी के मुताबिक, बबलू श्रीवास्तव ने जेल की सलाखों के पीछे सुरक्षित बैठकर इस पूरी किडनैपिंग का मास्टरमाइंड प्लान तैयार किया और जेल के अंदर से ही अपने खूंखार नेटवर्क व गैंग को ऑपरेट किया था।
कोर्ट रूम का घटनाक्रम और सीबीआई की नाकामी
लखनऊ की विशेष सीबीआई अदालत में चली लंबी कानूनी बहस के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी दलीलें पेश कीं। बबलू श्रीवास्तव की तरफ से उनके वकील जीशान अल्वी और वीर सिंह ने कोर्ट में मोर्चा संभाला। बचाव पक्ष के वकीलों ने कोर्ट के सामने तर्क रखे कि अभियोजन पक्ष के पास कोई भी ऐसा सीधा या परिस्थितिजन्य सबूत नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि नैनी जेल के भीतर रहते हुए बबलू ने फोन या किसी अन्य माध्यम से कोलकाता के होटल व्यवसायी के अपहरण की स्क्रिप्ट लिखी थी। (Babloo Srivastava News)
अदालत ने बचाव पक्ष की दलीलों को सही माना और यह साफ किया कि केवल संदेह के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। सबूतों के अभाव और अभियोजन की नाकामी के चलते विशेष अदालत ने डॉन को इस मामले से क्लीन चिट दे दी।
पूर्व आईपीएस की किताब में था इस केस का जिक्र
इस सनसनीखेज अपहरण कांड की गूंज कानून व्यवस्था के गलियारों में कितनी गहरी थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय ने भी अपनी किताब में इस घटनाक्रम और जेल से गैंग ऑपरेट करने के तौर-तरीकों का जिक्र किया था।
बरी होने के बाद भी क्यों नहीं आ पाएंगे जेल से बाहर?
सीबीआई कोर्ट के इस बड़े फैसले के बाद भी बबलू श्रीवास्तव उर्फ ओम प्रकाश श्रीवास्तव का जेल से बाहर आना फिलहाल नामुमकिन है। इसके पीछे दो मुख्य कानूनी कारण हैं-
कस्टम अधिकारी एलडी अरोड़ा हत्याकांड (उम्रकैद): बबलू श्रीवास्तव 24 मार्च 1993 को प्रयागराज में हुए एडिशनल कस्टम कलेक्टर एलडी अरोड़ा की हत्या के मामले में दोषी है। इस मामले में टाडा (TADA) कोर्ट ने उसे 2008 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जिसे 2011 में देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था। वह पिछले तीन दशकों से लगातार अलग-अलग जेलों में अपनी सजा काट रहा है। (Babloo Srivastava News)
दया याचिका और समय पूर्व रिहाई खारिज: बबलू श्रीवास्तव ने सुप्रीम कोर्ट में समय से पहले रिहाई के लिए याचिका लगाई थी। हालांकि, उत्तर प्रदेश सरकार ने उसकी गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि और आतंकवाद विरोधी कानून (TADA) के तहत दोषसिद्धि का हवाला देते हुए इसका कड़ा विरोध किया। इसके बाद राज्यपाल ने भी उसकी दया याचिका को अस्वीकार कर दिया गया था।
अपहरण की दुनिया में ‘किडनैपिंग किंग ऑफ इंडिया’ के नाम से कुख्यात रहा बबलू श्रीवास्तव वर्तमान में उत्तर प्रदेश की बरेली सेंट्रल जेल में बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच बंद है। हालांकि इस फैसले से उसके ऊपर से एक बड़ा कानूनी बोझ जरूर हट गया है, लेकिन उसकी शेष जिंदगी जेल की चारदीवारी के पीछे ही कटने के आसार हैं।









