Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे, जहां वे भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडे ने आधिकारिक तौर पर इस तारीख का ऐलान किया है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति और धार्मिक गलियारों में इस दौरे को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे। अब इस तारीख की पुष्टि होने के बाद न सिर्फ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है, बल्कि राजनीतिक रूप से भी इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।
Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: पवन पांडे ने किया तारीख का बड़ा खुलासा
सपा नेता पवन पांडे ने घोषणा करते हुए बताया कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या आ रहे हैं। अखिलेश यादव ने पहले ही अयोध्या दौरे की इच्छा जताई थी और इसके लिए शुभ मुहूर्त निकलवाने की जिम्मेदारी पवन पांडे को सौंपी थी। पवन पांडे ने संतों और पुजारियों से विचार-विमर्श करने के बाद 12 दिसंबर की तारीख को तय किया है। दरअसल, 14 दिसंबर से 14 जनवरी तक ‘खरवास’ का महीना शुरू हो रहा है, जिसे सनातन धर्म में शुभ कार्यों या नए धार्मिक अनुष्ठानों के लिए वर्जित माना जाता है। इसी वजह से खरवास शुरू होने से ठीक पहले 12 दिसंबर का दिन बेहद शुभ मानकर चुना गया है।
क्या रहेगा अखिलेश यादव का पूरा कार्यक्रम?
पवन पांडे द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव का यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक और आध्यात्मिक रूपरेखा पर आधारित होगा। अखिलेश यादव अपनी पत्नी व सांसद डिंपल यादव और पूरे परिवार के साथ सबसे पहले राम मंदिर जाएंगे, जहां वे रामलला की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। राम मंदिर में दर्शन करने के बाद अखिलेश यादव प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर भी जाएंगे और बजरंगबली का आशीर्वाद लेंगे। इस यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों, महंतों और पुजारियों से भेंट करेंगे। वह अयोध्या के पूजनीय संतों के साथ बैठकर प्रसाद भी ग्रहण करेंगे। (Akhilesh Yadav Ayodhya Visit)
केदारेश्वर धाम के निर्माण से जुड़ा है यह संकल्प
अखिलेश यादव का यह अयोध्या दौरा अचानक तय नहीं हुआ है, बल्कि इसके पीछे उनका एक पुराना संकल्प है। अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के इटावा (सैफई क्षेत्र) में यमुना नदी के किनारे करीब 50 बीघा क्षेत्र में भव्य ‘केदारेश्वर महादेव मंदिर’ का निर्माण करवा रहे हैं। इस मंदिर का मुख्य भवन उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर और परिसर तमिलनाडु के बृहदेश्वर मंदिर जैसा बनाया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने पूर्व में कहा था कि जैसे ही केदारेश्वर धाम के मुख्य भवन का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा, वह सपरिवार रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। अब जब केदारेश्वर धाम का गर्भगृह और मुख्य ढांचा लगभग बनकर तैयार हो चुका है, अखिलेश यादव अपने उसी वादे और संकल्प को पूरा करने 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंच रहे हैं।
‘आस्था का विषय, व्यापार का नहीं’- सपा का भाजपा पर तंज
तारीख की घोषणा करते हुए सपा नेता पवन पांडे ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर राजनीतिक हमले भी बोले। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के लिए भगवान श्री राम अटूट आस्था का विषय हैं, व्यापार का जरिया नहीं।
पवन पांडे ने बयान दिया कि अखिलेश यादव रामलला के दरबार में हाजिरी लगाकर यह प्रार्थना करेंगे कि उत्तर प्रदेश से युवाओं का रोजगार छीनने वाले, किसानों को परेशान करने वाले और धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों की विदाई हो। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता इस बार बदलाव के मूड में है और आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। (Akhilesh Yadav Ayodhya Visit)
राजनीतिक मायने और आगामी 2027 के चुनाव
उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव से ठीक पहले अखिलेश यादव का परिवार सहित राम मंदिर जाना राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में बेहद अहम कदम माना जा रहा है। लंबे समय से भाजपा विपक्षी दलों विशेषकर समाजवादी पार्टी को राम मंदिर के मुद्दे पर घेरती आ रही है। ऐसे में अखिलेश यादव का यह कदम भाजपा के “हिंदू विरोधी” होने के नैरेटिव और तीखे हमलों को कुंद करने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। बहरहाल, 12 दिसंबर को होने वाले इस हाई-प्रोफाइल दौरे पर पूरे देश की राजनीतिक नजरें टिकी होंगी। अयोध्या में सपा प्रमुख के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभी से ही जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं।









