Agra Lucknow Expressway Bus Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पारा थाना क्षेत्र स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के मोहान जीरो प्वाइंट के पास राजस्थान से बिहार जा रही एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
Agra Lucknow Expressway Bus Accident: कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह करीब 7:08 बजे हुआ। बिहार नंबर (BR-28 P-4332) की यह लग्जरी बस राजस्थान के भिवाड़ी से यात्रियों को लेकर बिहार के छपरा (सारण) और सिवान जिलों की ओर जा रही थी। बस में सवार अधिकांश यात्री छठ महापर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल थे। बस में कुल 53 से 60 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
मोहान रोड स्थित जीरो प्वाइंट के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बस अचानक बेकाबू हो गई और एक्सप्रेसवे से नीचे लगभग 40 फीट गहरी खाई में जा पलटी। बस के पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बुरी तरह से क्षतिग्रस्त बस के अंदर ही फंस गए। (Agra Lucknow Expressway Bus Accident)
रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासनिक कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पारा थाना पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल के निर्देशन में आलमबाग, सरोजनीनगर और हजरतगंज फायर स्टेशन से रेस्क्यू वाहन और अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (MDRV) को घटनास्थल पर भेजा गया। बस पलटने के कारण करीब 15 से 16 यात्री अंदर बुरी तरह फंस गए थे। राहत एवं बचाव दल ने जेसीबी (JCB) और कटर मशीनों की मदद से बस की बॉडी को काटकर एक छोटे मासूम बच्चे सहित सभी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
डीसीपी वेस्ट जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, घटनास्थल पर तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अब तक 42 घायल यात्रियों को इलाज के लिए केजीएमयू (KGMU) ट्रॉमा सेंटर व अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सुरक्षित बचे यात्रियों को पुलिस थाने ले जाकर उनके गंतव्य तक पहुंचाने और आवश्यक सहायता की व्यवस्था की जा रही है। (Agra Lucknow Expressway Bus Accident)
दुर्घटना के कारणों पर गंभीर आरोप
प्रारंभिक जांच में पुलिस टायर फटने या तेज रफ्तार को हादसे का कारण मान रही है। वहीं दूसरी ओर, बस में सवार प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बस चालक और परिचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्रियों का कहना है कि राजस्थान से निकलने के बाद रास्ते में कई जगह रुककर ड्राइवर और कंडक्टर ने शराब पी थी। नशे में तेज रफ्तार से बस चलाने की वजह से ड्राइवर बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।









