Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप और लोकलुभावन वादों का दौर तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को एक बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि यदि आगामी चुनावों में उत्तर प्रदेश में उनकी ‘पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सरकार’ बनती है, तो गरीबों को मुफ्त राशन के साथ सरसों का तेल भी वितरित किया जाएगा। अखिलेश यादव की यह घोषणा अयोध्या में दीपोत्सव समारोह के बाद वायरल हुए एक विवादित वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया के रूप में सामने आई है।
Akhilesh Yadav: क्या है अयोध्या का पूरा विवाद?
शनिवार को छोटी दिवाली के अवसर पर अयोध्या के सरयू तट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया था, जिसमें 30 लाख दीये जलाने का रिकॉर्ड बनाया गया। दीपोत्सव संपन्न होने के बाद कुछ गरीब परिवारों की महिलाएं और बच्चे बुझे हुए दीयों से बचा हुआ सरसों का तेल अपनी बोतलों में इकट्ठा कर रहे थे। इसी दौरान के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिन्हें अखिलेश यादव ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किया है।
वीडियो में कुछ लोग, जिनके गले में आयोजन से जुड़े पहचान पत्र (आई-कार्ड) लटके हुए दिख रहे हैं। दीयों से तेल बटोर रही महिलाओं और बच्चों को बेंत और छड़ी से मारते साथ ही डांटकर भगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर आम लोगों के बीच काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
Akhilesh Yadav का तीखा हमला और नया वादा
वायरल वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ महीनों बाद वे अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे, ताकि किसी भी शोषित, वंचित और गरीब को भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने अयोध्या में तथाकथित ‘नारी वंदन’ का जो हिंसक नजारा पेश किया है, वह वंदनीय नहीं बल्कि निंदनीय है। उन्होंने इसे महिलाओं का खुला अपमान बताया।
अखिलेश यादव ने राज्य महिला आयोग से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने और मारपीट करने वाले आरोपियों और आयोजन से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के उत्पीड़न से पीड़ित, दुखी और अपमानित जनता इस बार चुनाव में भाजपा का स्थायी सफाया कर देगी और आगामी चुनाव ‘महिला और युवा बनाम भाजपा’ होगा।
सत्ता पक्ष का पलटवार और राजनीतिक मायने
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के इस बयान और उनके आगामी अयोध्या दौरे की चर्चाओं पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया है। ब्रजेश पाठक ने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग सनातन संस्कृति की बढ़ती हुई ताकत से घबराए हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अखिलेश यादव अयोध्या जाते हैं, तो उन्हें भगवान श्रीराम और सनातन संस्कृति से माफी मांगनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुफ्त राशन योजना पिछले कुछ चुनावों में एक बड़ा चुनावी मुद्दा रही है। भाजपा जहां अपनी मुफ्त राशन वितरण प्रणाली को गरीबों के कल्याण की सबसे बड़ी योजना के रूप में पेश करती है, वहीं अखिलेश यादव ने अब महंगाई और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु ‘सरसों के तेल’ को इससे जोड़कर एक नया सियासी दांव चला है।
अयोध्या की इस घटना को गरीबों और महिलाओं के आत्मसम्मान से जोड़कर सपा ने एक तरफ जहां भाजपा की ‘नारी वंदन’ और ‘गरीब कल्याण’ की छवि को घेरने की कोशिश की है, वहीं दूसरी तरफ पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और महिला मतदाताओं को साधने का प्रयास भी किया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में और अधिक गरमाने की संभावना है। (Akhilesh Yadav)









