BJP Candidate list 2027: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से 209 सीटों के लिए उम्मीदवारों की एक सूची दिल्ली में केंद्रीय आलाकमान को भेज दी है। भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी (हैट्रिक) करने और 300 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर रही है। उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 202 सीटों की आवश्यकता होती है। ऐसे में चुनाव से काफी पहले 209 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करना पार्टी की आक्रामक चुनावी तैयारी को दर्शाता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली भेजी गई इस सूची के सभी नामों को पार्टी की ‘A’ कैटेगरी में रखा गया है। इस श्रेणी में उन सीटों और चेहरों को शामिल किया जाता है, जहां पार्टी को अपनी जीत की सबसे अधिक संभावना दिखती है और उम्मीदवारों के नामों पर स्थानीय स्तर पर कोई बड़ा विवाद नहीं है। समय से पहले नाम तय करने का मकसद यह है कि केंद्रीय नेतृत्व की मुहर लगते ही इन उम्मीदवारों को संकेत मिल सके और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल जाए।
BJP Candidate list 2027: कैसे तैयार हुई 209 उम्मीदवारों की यह सूची?
पिछले लोकसभा और विधान परिषद (MLC) चुनावों के अनुभवों से सबक लेते हुए इस बार टिकट वितरण में विशेष सावधानी बरती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने स्तर पर कराए गए आंतरिक सर्वे, एजेंसियों की रिपोर्ट और प्रदेश के लगातार दौरों से मिले फीडबैक के आधार पर इस सूची को तैयार किया है।एंटी-इनकंबेंसी (सत्ता विरोधी लहर) के आकलन के तहत यह गहनता से जांच की गई है कि मौजूदा विधायकों के प्रति संबंधित विधानसभा क्षेत्र की जनता में कितनी नाराजगी या असंतोष है।
इसके साथ ही, संभावित नए और पुराने चेहरों की आम जनता के बीच लोकप्रियता, जनसंपर्क और उनकी व्यक्तिगत छवि का भी मूल्यांकन किया गया है। टिकट वितरण को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की राय साथ ही किसी विशेष उम्मीदवार को टिकट दिए जाने पर संगठन के भीतर संभावित प्रतिक्रिया को भी ध्यान में रखा गया है। इसके अलावा, संबंधित विधानसभा क्षेत्र के जातीय समीकरणों और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के संभावित उम्मीदवार की राजनीतिक ताकत का विश्लेषण करते हुए चुनावी संभावनाओं का आकलन किया गया है। (BJP Candidate list 2027)
मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की संभावना
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा तेज है कि इस बार भाजपा बड़ी संख्या में मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले विधानसभा चुनाव (2022) में पार्टी ने करीब 70 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे थे, जबकि इस बार यह संख्या 100 के पार जा सकती है। इसका मतलब है कि मौजूदा विधायकों में से लगभग 40 प्रतिशत तक के टिकट बदले जाने की संभावना जताई जा रही है, ताकि स्थानीय स्तर पर किसी भी तरह की नाराजगी को दूर किया जा सके।
संगठन का समानांतर सर्वे और दिल्ली की मुहर
मुख्यमंत्री की सूची के समानांतर उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े की टीम भी अलग-अलग जोन के हिसाब से सर्वे करा रही है। संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी भी अपनी-अपनी रिपोर्ट और फीडबैक केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे। भाजपा की परंपरा के अनुसार, किसी भी राज्य के विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ही लगाती है। समय से पहले सूची दिल्ली भेजे जाने से केंद्रीय नेतृत्व को इन 209 नामों पर स्वतंत्र रूप से फीडबैक लेने और उनकी समीक्षा करने का पूरा मौका मिलेगा। (BJP Candidate list 2027)









