Punjab Stubble Burning 2026: पंजाब में धान की कटाई अंतिम चरण में पहुंचने के बावजूद पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) की 10 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अब तक पराली जलाने के 5,002 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसानों पर पर्यावरणीय मुआवजा (EC) योजना के तहत 79.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
Punjab Stubble Burning 2026: कार्रवाई और जुर्माने का पूरा लेखा-जोखा
प्रशासन और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की निगरानी में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य भर में सैटेलाइट से मिली सूचनाओं के आधार पर 4,185 खेतों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 1,833 स्थानों पर पराली जलाने की प्रत्यक्ष पुष्टि हुई। पर्यावरणीय मुआवजा (EC) योजना के तहत 1,574 मामलों में कुल 79.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से अब तक 36.40 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है।
वहीं, सरकारी आदेशों की अवहेलना करने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत 1,155 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रशासन ने 1,342 किसानों के जमीन के रिकॉर्ड (राजस्व रिकॉर्ड) में ‘रेड एंट्री’ दर्ज की है, जिससे भविष्य में उन्हें अपनी जमीन बेचने या उस पर कृषि ऋण लेने में कठिनाई हो सकती है।
प्रमुख जिलों की स्थिति
राज्य के कुछ जिलों में पराली जलाने की घटनाएं सबसे अधिक दर्ज की गई हैं। इनमें तरनतारन जिला 676 मामलों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि फिरोजपुर में 654, संगरूर में 566, बठिंडा में 439 और पटियाला में 339 मामले सामने आए हैं। वहीं, पटियाला जिले में 260 खेतों की जांच के दौरान 166 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। प्रशासन ने 115 मामलों में कुल 5.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि 123 एफआईआर दर्ज की गईं और 97 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई। (Punjab Stubble Burning 2026)
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी गाज
पराली जलाने की घटनाओं को रोकने में विफल रहने पर प्रशासन ने केवल किसानों पर ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा है। निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में 18 पर्यवेक्षी अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की कार्यवाही शुरू की गई है। इनमें तरनतारन के 13 और फिरोजपुर के 5 अधिकारी शामिल हैं। ड्यूटी में कोताही बरतने वाले 1,103 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, हालांकि अभी तक किसी अधिकारी को निलंबित नहीं किया गया है। CAQM ने 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक पंजाब के 18 जिलों में विशेष उड़नदस्ते तैनात किए हैं।
पिछले साल से तुलना और आगे की चुनौती
इस साल का आंकड़ा पिछले साल के कुल आंकड़ों के बेहद करीब पहुंच गया है, जो पर्यावरण और दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता के लिए चिंता का विषय है। पंजाब में कुल 32.87 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई थी, जिसमें से 96.10 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी है। वर्ष 2025 में पूरे सीजन के दौरान पराली जलाने के कुल 5,114 मामले सामने आए थे, जबकि 2024 में 10,909 और 2023 में 36,663 घटनाएं दर्ज हुई थीं। (Punjab Stubble Burning 2026)
निगरानी अवधि 30 नवंबर को पूरे होने में अभी 20 दिन बचे हैं और 5,002 मामले पहले ही दर्ज हो चुके हैं। अक्टूबर-नवंबर में धान की कटाई के बाद गेहूं की बुवाई के लिए किसानों के पास समय कम होता है, जिसके कारण सख्ती के बावजूद कुछ किसान पराली जलाने का रास्ता अपना रहे हैं।









