HPV Vaccination Campaign: भारत के सार्वजनिक स्वास्थ्य और निवारक चिकित्सा के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। राष्ट्रीय ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान के तहत देशभर में 1 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज सफलतापूर्वक लगाई जा चुकी हैं। सबसे खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत किए जाने के 9 महीने से भी कम समय में यह बड़ा मुकाम हासिल कर लिया गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह महत्वपूर्ण जानकारी शेयर करते हुए देशवासियों, राज्यों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी है। इस अभियान के माध्यम से देश के वार्षिक लक्ष्य (लगभग 1.2 करोड़ पात्र लड़कियां) का करीब 87 प्रतिशत हिस्सा कवर कर लिया गया है।
HPV Vaccination Campaign: अभियान की शुरुआत और मुख्य उद्देश्य
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के उद्देश्य से इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया था। भारत के महापंजीयक (RGI) के जनसंख्या अनुमानों के आधार पर, देश में हर साल 14 वर्ष की आयु पूरी करने वाली लगभग 1.2 करोड़ पात्र किशोरियों को इस अभियान के दायरे में लाया गया है। इस अभियान के तहत 14 साल की पात्र लड़कियों को माता-पिता की सहमति से मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज HPV वैक्सीन लगाई जा रही है।
टीकाकरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए सरकार ने U-WIN डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया है। अभिभावक इसके माध्यम से नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं और डिजिटल प्रमाण पत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं। (HPV Vaccination Campaign)
इन 6 राज्यों ने हासिल किया 100% कवरेज
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में कई राज्यों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। देश के छह राज्यों गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपने तय लक्षित समूह का 100 प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर लिया है।
इसके अलावा, 12 राज्यों में 80 प्रतिशत से ज्यादा लोगों को टीका लगाया जा चुका है। असम में 95.63%, तेलंगाना में 95.28%, कर्नाटक में 93.16% और उत्तराखंड में 90.17% टीकाकरण हुआ है। कुल टीकाकरण की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है, जहां 29.33 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इसके बाद बिहार (13.70 लाख) और गुजरात (7.75 लाख) का स्थान है। (HPV Vaccination Campaign)
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का संदेश
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस उपलब्धि को ‘सर्वाइकल कैंसर मुक्त भारत’ की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा लॉन्च किए जाने के नौ महीने से भी कम समय में राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान ने भारत की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 100% कवरेज हासिल करने के लिए गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को बहुत-बहुत बधाई। यह प्रगति राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, स्वास्थ्य पेशेवरों, फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों और देश भर के माता-पिता की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ क्यों जरूरी है यह टीका?
भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसर के मामलों में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में हर साल इसके 80,000 से अधिक नए मामले सामने आते हैं और हजारों महिलाओं की इसके कारण मृत्यु हो जाती है। 95% से अधिक सर्वाइकल कैंसर के मामले ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) के संक्रमण के कारण होते हैं। कम उम्र (14 वर्ष) में वैक्सीन लगवाने से शरीर में इस वायरस के खिलाफ मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है, जिससे भविष्य में कैंसर होने का खतरा काफी हद तक टल जाता है। (HPV Vaccination Campaign)
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक HPV वैक्सीन की 80 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। कई सालों की वैज्ञानिक रिसर्च में यह साबित हुआ है कि यह वैक्सीन सुरक्षित और असरदार है। भारत में भी सभी टीकाकरण कार्यक्रम प्रशिक्षित डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों की देखरेख में चलाए जा रहे हैं।
9 महीने से भी कम समय में 1 करोड़ किशोरियों का टीकाकरण पूरा होना भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे पता चलता है कि अब देश में बीमारियों का इलाज करने के साथ-साथ उन्हें पहले से रोकने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और U-WIN पोर्टल के जरिए यह टीका मुफ्त लगाया जा रहा है। इस सुविधा का लाभ उठाकर माता-पिता अपनी बेटियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य देने की दिशा में कदम उठा सकते हैं।









