UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। इस फैसले के तहत प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों अवध, काशी, गोरखपुर, ब्रज, पश्चिमी यूपी और कानपुर-बुंदेलखंड के अध्यक्षों ने बारी-बारी से प्रभारियों की सूची जारी की।
इस सूची में संगठन का लंबा अनुभव रखने वाले नेताओं, पूर्व विधायकों, आयोग के सदस्यों और पूर्व जिला पदाधिकारियों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। पार्टी का लक्ष्य जमीनी स्तर पर बूथ प्रबंधन को मजबूत करना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को मतदाताओं तक पहुंचाना है।
UP Election 2027: संगठनात्मक क्षेत्रों के हिसाब से जिम्मेदारियों का बंटवारा
बीजेपी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों और 98 संगठनात्मक जिलों में बांटा है। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की तैनाती की गई है। इनमें अवध क्षेत्र में 82, काशी क्षेत्र में 71, पश्चिमी यूपी में 71, ब्रज क्षेत्र में 65, गोरखपुर क्षेत्र में 62 और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 52 विधानसभा सीटें शामिल हैं। इस तरह इन छह संगठनात्मक क्षेत्रों में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को शामिल किया गया है।
प्रभारियों के चयन की प्रमुख रणनीति और सामाजिक समीकरण
पार्टी नेतृत्व ने प्रभारियों के चयन में अनुभव के साथ-साथ क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के तहत संगठन में तीन बार पदाधिकारी रह चुके अनुभवी चेहरों को प्राथमिकता दी गई है। इस बार कई ऐसे नेताओं को भी प्रभारी बनाया गया है जो खुद आगामी चुनाव में टिकट के मजबूत दावेदार हैं। हालांकि, उन्हें उनके गृह क्षेत्र के बजाय दूसरे विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है ताकि उनकी संगठनात्मक क्षमता का आकलन किया जा सके। (UP Election 2027)
विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक प्रतिनिधित्व के तहत सवर्ण, ओबीसी और जाट-गुर्जर समाज के नेताओं को संतुलित रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है। अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्रों में ब्राह्मण और क्षत्रिय चेहरों को प्रमुखता मिली है, जबकि पश्चिमी यूपी और ब्रज में जाट, गुर्जर, लोध और वैश्य समाज के नेताओं को भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन प्रभारियों के नाम करीब एक महीने पहले ही तय कर लिए गए थे और वाराणसी में इनका विशेष प्रशिक्षण भी संपन्न कराया जा चुका है।
धर्मेंद्र प्रधान को यूपी चुनाव की कमान, सात सह-प्रभारी भी नियुक्त
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विधानसभा प्रभारियों को कई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें अपने क्षेत्र में बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा करने और पन्ना प्रमुखों साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम दिया गया है। इसके अलावा, उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाना होगा। प्रभारियों को अपने क्षेत्र के राजनीतिक माहौल, जातीय और सामाजिक समीकरणों के साथ संभावित उम्मीदवारों की स्थिति का आकलन कर पार्टी नेतृत्व को नियमित जानकारी भी देनी होगी। (UP Election 2027)
पार्टी नेताओं ने साफ किया है कि किसी नेता को विधानसभा प्रभारी बनाए जाने का मतलब यह नहीं है कि उसे उसी सीट से चुनाव लड़ने का टिकट मिलेगा। वहीं, राष्ट्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उत्तर प्रदेश चुनाव का प्रभारी बनाया है। उनके साथ अनुराग ठाकुर, अर्जुन राम मेघवाल और सरोज पांडे समेत सात नेताओं को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जा सके।
इन क्षेत्राें की इन्हें जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट









