उत्तराखंड, जिसे हम गर्व से ‘देवभूमि’ कहते हैं, इन दिनों एक बड़े वैचारिक और प्रशासनिक बदलाव की दहलीज पर खड़ा है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री समेत करीब 48 प्रमुख मंदिरों के बाहर अब श्रद्धालुओं की ‘पहचान’ पूछी जाएगी। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने एक ऐसा प्रस्ताव रखा है जिसने देश की राजनीति और धार्मिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह फैसला सिर्फ धर्म की मर्यादा बचाने के लिए है, या इसके पीछे 2027 की कोई गहरी सियासी बिसात बिछाई जा रही है?
BKTC का तर्क: ‘पर्यटन स्थल’ नहीं, ये ‘आध्यात्मिक केंद्र’ हैं
मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का कहना है कि ये पवित्र स्थान पिकनिक मनाने की जगह नहीं हैं, बल्कि सनातन धर्म के सर्वोच्च ऊर्जा केंद्र हैं। पिछले कुछ समय में केदारनाथ और अन्य धामों में रील बनाने, अभद्र व्यवहार करने और धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन की घटनाओं ने भक्तों की भावनाओं को आहत किया है। तर्क यह दिया जा रहा है कि जो व्यक्ति मंदिर की मूल आस्था में विश्वास नहीं रखता, उसके प्रवेश से मंदिर की पवित्रता और ‘Vibe’ प्रभावित होती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्पष्ट कर दिया है कि धार्मिक संस्थाएं जो तय करेंगी, सरकार उसी के अनुरूप कदम उठाएगी।
वैश्विक संदर्भ: क्या यह ‘कट्टरता’ है या ‘स्वायत्तता’?
जब भी हिंदू मंदिरों में ऐसे प्रतिबंध लगते हैं, तो अक्सर ‘कट्टरता’ की बहस छिड़ जाती है। लेकिन निष्पक्ष होकर देखें तो दुनिया के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के अपने कड़े नियम हैं। मक्का और मदीना में गैर-मुस्लिमों का प्रवेश वर्जित है, वेटिकन सिटी के अपने प्रोटोकॉल हैं, और भारत में ही जगन्नाथ पुरी जैसे मंदिरों में सदियों से केवल हिंदुओं के प्रवेश की परंपरा रही है। दक्षिण भारत के कई मंदिरों में आज भी सख्त ड्रेस कोड लागू है। ऐसे में उत्तराखंड का यह फैसला धार्मिक स्वायत्तता और परंपराओं के संरक्षण के रूप में देखा जा रहा है।
सियासत और 2027 का नैरेटिव
इस फैसले के साथ ही उत्तराखंड की राजनीति में उबाल आ गया है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सवाल उठाया है कि जहाँ दुनिया अपनी संस्कृति दिखाने के लिए द्वार खोलती है, वहां हम दीवारें क्यों खींच रहे हैं? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री धामी UCC और ‘लैंड जिहाद’ के बाद अब ‘नो एंट्री’ के जरिए ‘कठोर हिंदुत्व’ का चेहरा बनकर उभर रहे हैं। इसे 2027 के चुनावों के लिए एक मजबूत सांस्कृतिक नैरेटिव सेट करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
धरातल की चुनौतियां: अर्थव्यवस्था और व्यवस्था
क्या इस फैसले को जमीन पर लागू करना इतना आसान होगा? चारधाम यात्रा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हजारों मुस्लिम परिवार पीढ़ियों से घोड़ा-खच्चर चलाने, पालकी ढोने और मजदूरी के जरिए इस यात्रा को सफल बनाने में योगदान देते रहे हैं। यदि ‘पहचान’ के आधार पर सख्ती बढ़ी, तो स्थानीय इकोनॉमी और यात्रा के संचालन पर इसका क्या असर पड़ेगा? प्रशासन के लिए वेरिफिकेशन (आधार कार्ड चेक करना) और लंबी कतारों को संभालना एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
इन 48 पवित्र स्थलों पर लागू होगा नया नियम
केदारनाथ धाम
बदरीनाथ धाम
तुंगनाथ में स्थित श्री तुंगनाथ मंदिर
बदरीनाथ में माता मूर्ति मंदिर
बदरीनाथ में ब्रह्म कपाल शिला और परिक्रमा परिसर
सुर्भे में भविष्य बदरी मंदिर
बदरीनाथ में तप्त कुंड (कुंड और गर्म जलस्रोत)
जोशीमठ में नरसिंह मंदिर
उर्गम में ध्यान बदरी मंदिर
मध्यमहेश्वर में श्री मध्यमहेश्वर मंदिर
गुप्तकाशी में श्री विश्वनाथ जी मंदिर
पांडुकेश्वर में योग बदरी मंदिर
गौरीकुंड में श्री गौरी मैया मंदिर
बदरीनाथ में श्री आदि केदारेश्वर मंदिर
ज्योतेश्वर में महादेव मंदिर
अनिमठ में वृद्ध बदरी मंदिर
बदरीनाथ पुरी के भीतर पंच शिलाएं
बदरीनाथ पुरी के भीतर पंच धाराएं
श्री केदारनाथ मंदिर परिसर के भीतर छोटे मंदिर
गुप्तकाशी में श्री विश्वनाथ जी मंदिर परिसर के छोटे मंदिर
उखीमठ में ओंकारेश्वर मंदिर
त्रियुगीनारायण में श्री त्रियुगीनारायण मंदिर
कालीशिला में श्री कालीशिला मंदिर
वसुंधारा
वसुंधारा झरने के नीचे धर्मशिला
केदारनाथ में उदक कुंड
उखीमठ में श्री उषा देवी मंदिर
उखीमठ में श्री बाराही देवी मंदिर
बदरीनाथ में श्री बल्लभाचार्य मंदिर
विष्णुप्रयाग में नारायण मंदिर
सीता देवी मंदिर
पाखी में श्री नरसिंह मंदिर
दरमी में श्री नरसिंह मंदिर
नंदप्रयाग में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर
कुलसारी में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर
द्वाराहाट (अल्मोड़ा) में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर
गुड़ाड़ी (अल्मोड़ा) में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर
कालीमठ में श्री महाकाली मंदिर
कालीमठ में श्री महालक्ष्मी मंदिर
कालीमठ में श्री महासरस्वती मंदिर
जोशीमठ में श्री दुर्गा मंदिर
ज्योतेश्वर में भक्तवत्सल मंदिर
केदारनाथ में माता पार्वती मंदिर
केदारनाथ में ईशानेश्वर मंदिर
केदारनाथ में गणेश जी मंदिर
केदारनाथ में हंसा कुंड
केदारनाथ में रेतस कुंड
केदारनाथ में शंकराचार्य समाधि / श्री भैरवनाथ मंदिर









