Japan Durga Puja 2026: भौगोलिक दूरियां जब आस्था और संस्कृति के धागे से जुड़ती हैं, तो सात समंदर पार भी अपनी मिट्टी की खुशबू महकने लगती है। ऐसा ही कुछ अद्भुत और भव्य नजारा साल 2026 में जापान के कावागुची शहर में देखने को मिला। टोक्यो के करीब बसे इस शहर में प्रवासी भारतीयों ने जिस उमंग और समर्पण के साथ दुर्गा पूजा उत्सव 2026 का आयोजन किया, उसने न केवल जापान में रह रहे भारतीयों को भावुक किया, बल्कि जापानी नागरिकों को भी भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। कावागुची की इस दुर्गा पूजा ने केवल धार्मिक अनुष्ठान की सीमाओं को लांघकर खुद को भारतीय संस्कृति, सामाजिक सेवा और सामुदायिक एकता की एक अनूठी मिसाल के रूप में स्थापित किया है।

भारतीय बंगाली कम्युनिटी ऑफ़ जापान द्वारा 24 और 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित भव्य दुर्गा पूजा उत्सव ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का शानदार प्रदर्शन किया। यह आयोजन जापान में खुले मैदान में आयोजित होने वाले सबसे बड़े दुर्गा पूजा उत्सवों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। इस वर्ष पूजा मंडप की भव्य सजावट और पारंपरिक बंगाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जापान की धरती पर जीवंत किया गया। समारोह का उद्घाटन भारतीय दूतावास, से Mr. Dhiraj Mukhia Minister (Consular) ने किया। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में भारत के अनेक व्यवसायियों, कंपनियों और प्रायोजकों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। उनके सहयोग से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जापान में व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
Japan Durga Puja 2026: नौ वर्षों से रक्तदान के माध्यम से समाज सेवा
भारतीय बंगाली कम्युनिटी ऑफ़ जापान केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय रही है। संस्था पिछले 9 वर्षों से जापान में रक्तदान शिविरों का आयोजन करती आ रही है, जिनका उद्देश्य मानवता की सेवा करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में योगदान देना है। इन शिविरों के माध्यम से जापानी रेड क्रॉस की रक्तदान गतिविधियों में भी सहयोग दिया जाता रहा है।
संस्था का मानना है कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी केवल अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना, मानवता की सेवा करना और सभी समुदायों को एक साथ जोड़कर रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

संस्कृति, एकता और मानवता का संदेश
भारतीय बंगाली कम्युनिटी ऑफ़ जापान वर्षों से भारतीय संस्कृति, बंगाली विरासत, सामाजिक कल्याण और सामुदायिक एकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है। दुर्गा पूजा जैसे भव्य सांस्कृतिक आयोजनों से लेकर रक्तदान शिविरों जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियों तक, संस्था भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने तथा विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का प्रयास करती रही है। (Japan Durga Puja 2026)
संस्था की सफलता उसके सदस्यों, स्वयंसेवकों, सहयोगियों, प्रायोजकों और पूरे भारतीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सभी के सहयोग और समर्पण से यह संगठन जापान में भारतीय संस्कृति और सामाजिक सेवा की एक सशक्त पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारतीय बंगाली कम्युनिटी ऑफ़ जापान का संकल्प है—भारतीय संस्कृति का संरक्षण, मानवता की सेवा और सभी को एक सूत्र में जोड़कर समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करना।









