क्या इस अनंत ब्रह्मांड में हम अकेले हैं? यह सवाल अब विज्ञान की प्रयोगशालाओं से निकलकर व्हाइट हाउस की राजनीति का केंद्र बन गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आधिकारिक तौर पर ‘सेक्रेटरी ऑफ वॉर’ को निर्देश दिया है कि एलियंस और अनआइडेंटिफाइड एरियल फेनोमेना (UAP) से जुड़ी तमाम गोपनीय फाइलों को ‘डी-क्लासिफाई’ (सार्वजनिक) किया जाए। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह वाकई पारदर्शिता की कोशिश है या इसके पीछे कोई गहरा सियासी नैरेटिव छिपा है?
ओबामा बनाम ट्रंप: ‘इंफॉर्मेशन वॉर’ की नई जंग
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक पॉडकास्ट में मजाकिया लहजे में कहा कि “एलियंस असली हैं, लेकिन वे एरिया 51 में कैद नहीं हैं।” ट्रंप ने इस मौके को लपकते हुए ओबामा पर गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप जड़ दिया और जवाब में पूरी फाइलें खोलने का दांव खेल दिया। यह सीधे तौर पर दो राष्ट्रपतियों के बीच छिड़ी एक ‘सूचना युद्ध’ जैसी स्थिति है।
पेंटागन की रिपोर्ट बनाम ट्रंप का दावा
दिलचस्प बात यह है कि मार्च 2024 में पेंटागन की एक विस्तृत रिपोर्ट ने साफ कर दिया था कि धरती पर एलियंस के आने का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, रहस्यमयी दिखने वाली चीजें अक्सर वेदर बैलून या टॉप-सीक्रेट मिलिट्री एयरक्राफ्ट्स होते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर पेंटागन के पास कुछ नहीं है, तो ट्रंप किन फाइलों को रिलीज करने की बात कर रहे हैं? क्या उनके पास कुछ ऐसा है जिसे पेंटागन ने छुपा लिया?
राजनीति का पुराना नियम है— “अगर किसी विवाद को खत्म नहीं कर सकते, तो उससे बड़ा डिस्ट्रैक्शन पैदा कर दो।” जब दुनिया आसमान में UFO ढूंढेगी, तो जमीन पर चल रहे एपस्टीन कांड की खबरें दब जाएंगी। ट्रंप जानते हैं कि अमेरिका का एक बड़ा वर्ग ‘कॉन्स्पिरसी थ्योरीज’ पर यकीन करता है और एलियंस का मुद्दा एक बेहतरीन ‘स्मॉकस्क्रीन’ साबित हो सकता है।
क्या वाकई कुछ बाहर आएगा?
जानकारों का मानना है कि अगर फाइलें रिलीज भी हुईं, तो उनका 90% हिस्सा ‘सेंसर’ (Redacted) होगा। जो बाहर आएगा, वह शायद वही होगा जो हम पहले से जानते हैं। लेकिन तब तक ट्रंप का काम हो चुका होगा—जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटकर आसमान की तरफ मुड़ चुका होगा।









