Ayodhya: मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने शुक्रवार को अयोध्या की अपनी यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न की, जहाँ उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। इससे पहले पीएम ने रामगुलाम ने वाराणसी में ऐतिहासिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का दौरा किया।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने अपनी पत्नी के साथ रामलला की आरती उतारी और दर्शन-पूजन किए। रामजन्मभूमि ट्रस्ट की तरफ से अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी और मंदिर निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया।

भूटान के प्रधानमंत्री के बाद डॉ. गुलाम दूसरे विदेशी पीएम हैं, जिन्होंने अयोध्या आकर रामलला का दर्शन पूजन किया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मॉरीशस के प्रधानमंत्री भारत यात्रा के अयोध्या चरण के समापन के बाद देहरादून का दौरा करेंगे।
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध
गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री रामगुलाम ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। इस बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने बुनियादी ढाँचे, स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल तकनीक, ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपनी मंशा दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “आज हम मॉरीशस से आए अपने मित्रों का स्वागत करते हैं, लेकिन यह केवल औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक मुलाकात है। इसलिए मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि भारत और मॉरीशस केवल साझेदार नहीं, बल्कि एक परिवार हैं। मॉरीशस भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।”
ऐतिहासिक शहर वाराणसी में दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक स्थायी सभ्यतागत संबंध, आध्यात्मिक बंधन और लोगों के बीच गहरे संबंधों को रेखांकित करती है, जिसने भारत और मॉरीशस के बीच विशेष और अद्वितीय संबंधों को आकार दिया है। यह यात्रा मार्च 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की मॉरीशस की राजकीय यात्रा से उत्पन्न सकारात्मक गति पर आधारित है, जिसके दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को ‘संवर्धित रणनीतिक साझेदारी’ तक बढ़ाया था।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री की यात्रा
मॉरीशस के प्रधानमंत्री अपने वर्तमान कार्यकाल में 9 सितम्बर से 16 सितम्बर तक भारत की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर हैं। वह प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। मॉरीशस के प्रधानमंत्री इससे पहले मई 2014 में भारत आए थे, क्योंकि वे प्रधानमंत्री मोदी और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित एकमात्र गैर-सार्क नेता थे।









