Visakhapatnam Steel Plant Accident: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट (RINL) में सोमवार, 8 जून 2026 को एक बेहद दुखद हादसा हुआ है, जिसमें पिघला हुआ गर्म स्टील (लोहा) गिरने से कम से कम 8 मजदूरों की मौत हो गई है और कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना सोमवार शाम करीब 4:40 बजे प्लांट की स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS-1) और कंटीन्यूअस कास्टिंग डिपार्टमेंट (CCD) यूनिट में हुई।
Visakhapatnam Steel Plant Accident: 1600°C तापमान वाला स्टील बना काल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 1,600 डिग्री सेल्सियस तापमान पर उबलते हुए लिक्विड स्टील को क्रेन की मदद से ले जाया जा रहा था, तभी अचानक क्रेन का तार टूटने या खराबी आने से धातु से भरा कंटेनर ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद सैकड़ों टन पिघला हुआ खौलता लोहा नीचे काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गया और पूरी यूनिट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें नियमित कर्मचारी और संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) मजदूर दोनों शामिल हैं।
कम से कम 6 अन्य कर्मचारी इस हादसे में बेहद गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए पास के विशाखा स्टील जनरल हॉस्पिटल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फैक्टरी की फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। (Visakhapatnam Steel Plant Accident)

पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने जिला कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर से बात कर घायलों को बेहतरीन इलाज देने और घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। (Visakhapatnam Steel Plant Accident)









