UP IAS PCS Transfer: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के लिए रविवार की देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के तहत 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। इस बड़े फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO), अपर आयुक्त, विशेष सचिव और नगर निगमों के अपर नगर आयुक्तों की जिम्मेदारियों में बदलाव किए गए हैं।
UP IAS PCS Transfer: IAS अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियाँ
इस प्रशासनिक फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों के विशेष सचिव और तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को बदला गया है।
- सुमित राजेश महाजन को सहारनपुर के CDO पद से हटाकर इन्हें अब मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO), उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- राज्य कर विभाग में अपर आयुक्त के पद पर तैनात डॉ. सुनील कुमार वर्मा को अब सहारनपुर का नया CDO नियुक्त किया गया है।
- लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को ट्रांसफर कर शासन में विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग बनाया गया है।
- अयोध्या में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर कार्यरत योगानन्द पाण्डेय को प्रोन्नति/बदलाव के साथ लखीमपुर खीरी का नया CDO बनाया गया है। (UP IAS PCS Transfer)
- अम्बेडकर नगर के CDO आनन्द कुमार शुक्ला को विशेष सचिव रेशम विभाग एवं निदेशक रेशम के पद पर तैनात किया गया है।
- कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा को अब अम्बेडकर नगर का नया CDO नियुक्त किया गया है।
- आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव रहे राहुल सिंह को विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग (PWD) की अहम जिम्मेदारी मिली है।
- युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक रहे अशोक कुमार कनौजिया को विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग बनाया गया है।
- अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग नियुक्त किया गया है।
- राजस्व परिषद प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। (UP IAS PCS Transfer)
- विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम और देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा (पूर्व विशेष सचिव, रेशम) को राजस्व परिषद प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) नियुक्त किया गया है।
- वहीं, नेहा शर्मा को सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग की नई कमान सौंपी गई है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO भी बदले
इस प्रशासनिक फेरबदल में सबसे प्रमुख बदलाव वाराणसी स्थित प्रतिष्ठित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विश्वभूषण मिश्रा के तबादले का रहा। सरकार ने उन्हें मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) में उपसचिव के पद पर तैनात किया है। (UP IAS PCS Transfer)
34 PCS अफसरों के तबादलों में स्थानीय प्रशासन पर फोकस
14 आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ 34 प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र भी बदले गए हैं। शासन ने इस लिस्ट के माध्यम से नगर निगमों और जिला स्तर पर प्रशासनिक संतुलन बनाने की कोशिश की है। सहारनपुर के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अब अपर आयुक्त, अलीगढ़ मंडल बनाया गया है। बरखा सिंह को अपर नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी की जिम्मेदारी मिली है। गाजियाबाद के स्थानीय प्रशासन को मजबूती देने के लिए रेणु को अपर नगर आयुक्त, नगर निगम गाजियाबाद बनाया गया है। प्रियंका सिंह को अपर नगर आयुक्त, नगर निगम मथुरा के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा देवरिया, मुजफ्फरनगर, आजमगढ़, फर्रुखाबाद, गौतमबुद्धनगर (नोएडा), औरैया, बस्ती, बहराइच, बदायूं, बागपत, एटा, आगरा, कासगंज, प्रयागराज और जालौन जिलों में अपर जिलाधिकारी (ADM), उपजिलाधिकारी (SDM) और नगर मजिस्ट्रेट (सिटी मजिस्ट्रेट) स्तर के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर ब्यूरोक्रेसी में किए जा रहे बदलावों की कड़ी में यह एक बड़ा कदम है। इससे पहले 11 सितंबर को भी 5 IAS और 6 PCS अधिकारियों के तबादले हुए थे। (UP IAS PCS Transfer)









