SEMICON India 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित सेमीकॉन इंडिया 2026 (SEMICON India 2026) का भव्य उद्घाटन किया। तीन दिन तक चलने वाला यह ग्लोबल इवेंट 17 से 19 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसमें 52 देशों की 600 से अधिक कंपनियां और स्टार्टअप हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 300 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। कार्यक्रम में हजारों विजिटर्स के अलावा 400 से ज्यादा एग्जीक्यूटिव्स और स्पीकर्स भी शामिल हो रहे हैं।
इस साल सेमीकॉन इंडिया 2026 की थीम ‘Silicon to Systems: Building the Ecosystem’ रखी गई है। इसका फोकस भारत में सेमीकंडक्टर के मजबूत और आत्मनिर्भर इकोसिस्टम को तैयार करने पर है।
SEMICON India 2026: सेमीकंडक्टर के पूरे इकोसिस्टम पर फोकस
सेमीकॉन इंडिया 2026 भारत के इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। इसके तहत चिप निर्माण से लेकर सप्लाई चेन तक पूरे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। ग्लोबल सप्लाई चेन को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में दुनिया भर की कंपनियां और स्टार्टअप सेमीकंडक्टर की पूरी वैल्यू चेन को प्रदर्शित कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर मटेरियल और चिप डिजाइन से लेकर फैब्रिकेशन और एडवांस पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया को दिखाया जा रहा है। आसान भाषा में कहें तो यहां सेमीकंडक्टर से जुड़े पूरे इकोसिस्टम की झलक देखने को मिल रही है। (SEMICON India 2026)
52 देशों की 600 से ज्यादा कंपनियां शामिल
सेमीकॉन इंडिया 2026 के जरिए सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की पूरी वैल्यू चेन को एक ही मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। इसमें भारत के अलावा दुनियाभर की कंपनियां, नीति-निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता और स्टार्टअप हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा देश के 650 से ज्यादा शिक्षण संस्थानों के हजारों छात्र भी इस आयोजन से वर्चुअली जुड़े हैं। इससे छात्रों को सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों और अवसरों को समझने का मौका मिल रहा है।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 76वां जन्मदिन भी मना रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेमीकॉन इंडिया के मंच से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। (SEMICON India 2026)
चिप से टैलेंट तक 6 पिलर पर फोकस, भारत में 1 लाख सेमीकंडक्टर प्रोफेशनल्स होंगे तैयार
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में बताया कि सेमीकॉन 2.0 छह प्रमुख पिलर पर आधारित है। इनमें चिप मैन्युफैक्चरिंग, मशीनरी, डिस्प्ले और मेमोरी कंपोनेंट्स, एडवांस पैकेजिंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और टैलेंट शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों को मिलाकर भारत में एक मजबूत और व्यापक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तैयार करने की योजना है।
सरकार ने ओडिशा में एडवांस 3D पैकेजिंग की शुरुआत की है। वहीं, सेमीकॉन इंडिया 2026 में करीब 5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा भी की गई है। इससे देश में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही भारत में करीब 1 लाख सेमीकंडक्टर प्रोफेशनल्स को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे देश को वैश्विक सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए एक मजबूत टैलेंट हब बनाने में मदद मिलेगी। (SEMICON India 2026)
सूरत और पंजाब में शुरू हुईं नई चिप यूनिट्स, EV और अप्लायंसेज के लिए बनेंगी चिप्स
सेमीकॉन इंडिया 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूरत की सूची सेमीकॉन और पंजाब की CDIL के दो नए कमर्शियल चिप मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स का उद्घाटन किया। इन यूनिट्स में खास तौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) और इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंसेज के लिए जरूरी चिप्स का उत्पादन किया जाएगा।
इन दो नई यूनिट्स के शुरू होने के बाद भारत में कमर्शियल चिप मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। सरकार का लक्ष्य देश में चिप निर्माण से लेकर पैकेजिंग और सप्लाई चेन तक एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है। इससे भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में अपनी भूमिका मजबूत करने में मदद मिल सकती है। (SEMICON India 2026)









