Delhi Metro Update: दिल्ली में सुरक्षा कारणों और विपक्षी दलों के मार्च के मद्देनजर आज सुबह 06:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक राजीव चौक समेत 6 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर यह कदम उठाया है। विपक्षी दलों (INDIA गठबंधन) द्वारा कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक निकाले जा रहे विरोध मार्च के चलते केंद्रीय दिल्ली में सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई है।
Delhi Metro Update: प्रभावित मेट्रो स्टेशनों की लिस्ट
सोमवार को 10 घंटे की इस पाबंदी के दौरान जिन 6 मेट्रो स्टेशनों के सभी प्रवेश और निकास द्वार आम यात्रियों के लिए बंद रहेंगे उनमें राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, मंडी हाउस, जनपथ और बाराखंभा रोड शामिल हैं।
इंटरचेंज की सुविधा रहेगी बहाल
डीएमआरसी ने साफ किया है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन सभी स्टेशनों पर ट्रेन बदलने (Interchange) की सुविधा चालू रहेगी। उदाहरण के लिए, यदि आपको राजीव चौक पर येलो लाइन से ब्लू लाइन में ट्रांसफर होना है, तो आप स्टेशन के अंदर ऐसा कर सकेंगे। हालांकि, आप स्टेशन से बाहर नहीं निकल पाएंगे और न ही बाहर से स्टेशन के अंदर प्रवेश कर सकेंगे। (Delhi Metro Update)
मेट्रो बंद होने के मुख्य कारण, राजनीतिक हलचल और सुरक्षा
विपक्षी नेताओं और सांसदों ने आज सुबह लुटियंस दिल्ली में इकट्ठा होकर सुप्रीम कोर्ट की तरफ मार्च करने का आह्वान किया है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने और संवेदनशील इलाकों में भीड़ जमा होने की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन इन मेट्रो स्टेशनों को आंशिक रूप से बंद रखने का निर्देश दिया है। सुरक्षा एजेंसियां शाम 4 बजे स्थिति की समीक्षा करेंगी, जिसके बाद ही इन गेटों को खोलने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
यात्रियों पर असर और ट्रैफिक एडवाइजरी
सप्ताह के पहले दिन सुबह के पीक आवर्स में इन व्यस्त मेट्रो स्टेशनों के बंद होने से दफ्तर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, कॉलेज के छात्रों और आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एक विस्तृत एडवाइजरी जारी कर मध्य दिल्ली और सुप्रीम कोर्ट की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी जाम और रूट डायवर्जन की चेतावनी दी है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे लुटियंस दिल्ली की ओर यात्रा करने से पहले दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लाइव अपडेट्स जरूर चेक कर लें। (Delhi Metro Update)









