UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के सिलसिले में बुलंदशहर की रैली से पार्टी में धमाकेदार वापसी करते हुए आकाश आनंद ने जनता के सामने मायावती के साथ हुई अपनी इस बेहद भावुक और राजनीतिक बातचीत का खुलासा किया। जब आकाश ने परीक्षा को लेकर अपनी दुविधा मायावती के सामने रखी, तो मायावती ने जो जवाब दिया, उसने न केवल आकाश की आँखों में आँसू ला दिए, बल्कि बहुजन राजनीति के उत्तराधिकार और उसके कड़े संघर्ष के सिद्धांतों को भी साफ कर दिया।
मायावती ने आकाश के सामने डॉ. भीमराव आंबेडकर, मान्यवर कांशीराम और खुद अपने जीवन का उदाहरण रखते हुए तीन ऐसे सवाल दागे, जिसने आकाश आनंद को बहुजन आंदोलन की गुरुता का अहसास करा दिया।
UP Politics: उतार-चढ़ाव और ‘सजा’ का दौर
इस पूरी बातचीत की गहराई को समझने के लिए थोड़ा पीछे जाना होगा। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान आकाश आनंद को मायावती का उत्तराधिकारी घोषित किया गया था और वे बसपा के मुख्य चेहरा बनकर उभरे थे। अपनी आक्रामक रैलियों और तीखे भाषणों से उन्होंने दलित युवाओं में एक नया जोश भर दिया था। लेकिन चुनाव के बीच में ही, उनके कुछ तीखे बयानों और राजनीतिक परिस्थितियों के कारण मायावती ने उन्हें ‘अपरिपक्व’ बताते हुए पद से हटा दिया और कुछ समय के लिए ‘घर बैठने’ की सजा दे दी थी।
पार्टी के भीतर और बाहर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हाल ही में जब मायावती ने उन पर अपना भरोसा दोबारा जताया और उन्हें संगठन में वापस लेकर स्टार प्रचारक बनाया, तब आकाश को मायावती के सामने बैठकर अपने मन की बात रखने का मौका मिला। इसी मुलाकात में उन्होंने भावुक होकर पूछा- “बहन जी, आप हर बार मेरी ऐसी परीक्षा क्यों लेती हैं?” (UP Politics)
मायावती की ‘त्रिमूर्ति’ वाली सीख: तीन सवाल, जिन्होंने बदल दी सोच
आकाश आनंद के इस सवाल पर मायावती विचलित नहीं हुईं। उन्होंने बहुजन आंदोलन के इतिहास और उसके महापुरुषों के त्याग की एक लंबी लकीर आकाश के सामने खींच दी। आकाश ने रैली में बताया कि मायावती ने उनसे तीन अहम सवाल पूछे। मायावती ने पहला सवाल किया कि क्या संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपनी आखिरी सांस तक समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष नहीं किया? क्या समाज और व्यवस्था ने उनके जीवन के अंत तक उनकी परीक्षाएं नहीं लीं? आकाश ने कहा, “हाँ बहन जी, उन्होंने आखिरी सांस तक परीक्षा दी।”
दूसरा सवाल बसपा के संस्थापक कांशीराम को लेकर था। मायावती ने पूछा कि क्या मान्यवर कांशीराम ने अपने पूरे जीवन को बहुजन आंदोलन के लिए होम नहीं कर दिया और क्या उन्होंने अंतिम सांस तक समाज के लिए संघर्ष की कढ़ी परीक्षा नहीं दी? आकाश ने इस पर भी सहमति जताई। तीसरे सवाल में मायावती ने खुद का नाम लिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद अपना पूरा परिवार छोड़कर इस बहुजन समाज को ही अपना परिवार माना है। उन्होंने आजीवन त्याग और तपस्या की है और आज भी यह समाज हर दिन उनकी परीक्षा लेता है। (UP Politics)
इन तीन महापुरुषों (आंबेडकर, कांशीराम और खुद मायावती) का उदाहरण देने के बाद मायावती ने वह ऐतिहासिक वाक्य कहा जिसने आकाश आनंद को झकझोर दिया। मायावती ने कहा, “इतना बड़ा आंदोलन, इतना बड़ा समाज और इतनी बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी मैं बिना परीक्षा लिए तुम्हें कैसे सौंप दूं?”
“आखिरी सांस तक परीक्षा देने को तैयार हूं”
आकाश आनंद ने बुलंदशहर की जनसभा में बेहद भावुक अंदाज में बताया कि बहन जी की यह बात सुनकर उनकी आँखों में आँसू आ गए। उन्हें समझ आ गया कि बसपा में नेतृत्व का मतलब कोई सुख-सुविधा या वंशवाद की मलाई नहीं, बल्कि कांटों का ताज है, जिसे पहनने से पहले तपना पड़ता है।
आकाश ने मायावती को विश्वास दिलाते हुए कहा, “बहन जी, आप जब तक जीवित हैं और मेरी आखिरी सांस तक, आप जितनी चाहें मेरी परीक्षा लीजिए। मैं हर परीक्षा देने के लिए तैयार हूँ। मैं भी बहुजन समाज को ही अपना परिवार मानता हूँ और इसके लिए अपनी जान लगा दूँगा।” आकाश ने मंच से यह भी संकल्प लिया कि जब तक वे इस समाज को देश का शासक नहीं बना देते, तब तक वे चैन की सांस नहीं लेंगे। (UP Politics)
आकाश आनंद के सवाल पर मायावती ने डॉ. आंबेडकर, कांशीराम और अपने संघर्ष का उदाहरण दिया। इससे उन्होंने साफ संदेश दिया कि बहुजन समाज पार्टी का नेतृत्व हासिल करना आसान नहीं है। इस पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष, मेहनत और लोगों का विश्वास जीतना जरूरी है। वहीं, आकाश आनंद ने भी अपने बदले हुए अंदाज से यह दिखाने की कोशिश की है कि वे पहले से ज्यादा समझदार और अनुशासित हो गए हैं और पार्टी में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं।









