UP Lekhpal Recruitment 2025: लेखपाल भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया के संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद, राजस्व परिषद ने शनिवार को एक आदेश जारी किया है। राजस्व परिषद आयुक्त ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) को पत्र लिखकर निर्देश दिया कि वे लेखपाल पदों के चयन के संबंध में एक हफ्ते के अंदर संशोधित जानकारी प्रदान करें।
7,994 लेखपाल पदों का पुनः सत्यापन
पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में रिक्त 7,994 लेखपाल पदों का पुनः सत्यापन किया जाना चाहिए और नियमों के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे पहले, चयन प्रक्रिया को लेकर मिली शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री ने राजस्व परिषद के अध्यक्ष को कड़ी चेतावनी जारी की थी। (UP Lekhpal Recruitment 2025)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि सभी 7,994 रिक्त पदों के लिए नियमों के अनुसार ऊर्ध्वाधर (Vertical) और क्षैतिज (Horizontal) आरक्षण लागू किया जाए। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 27%, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 21% और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 2% आरक्षण शामिल है।
राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों के पूर्ण अनुपालन पर जोर दिया है और संबंधित विभागों को समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। (UP Lekhpal Recruitment 2025)
भर्ती में विसंगतियों पर कड़ी कार्रवाई
राजस्व लेखपाल के 7,994 पदों के लिए 16 दिसंबर 2025 को जारी विज्ञापन के बाद यह तथ्य सामने आया कि जनपदों से भेजे गए श्रेणीवार आंकड़ों में स्पष्ट विसंगतियाँ थीं। मुख्यमंत्री द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद अब राजस्व परिषद श्रेणीवार कार्यरत एवं रिक्त पदों की गणना को पुनः सत्यापित कर रहा है, ताकि संशोधित अधियाचन पूरी तरह त्रुटिरहित स्वरूप में आयोग को भेजा जा सके।
राजस्व परिषद की सचिव कंचन वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद परिषद ने प्राथमिकता से सभी आंकड़ों की समीक्षा प्रारंभ कर दी है। उन्होंने कहा कि संशोधित अधियाचन आयोग को भेजे जाने के उपरांत लेखपाल भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, विवाद-मुक्त और आरक्षण प्रावधानों के पूर्ण अनुपालन के साथ आगे बढ़ेगी। (UP Lekhpal Recruitment 2025)
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आरक्षण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी, विसंगतियों पर कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है, और युवाओं के भविष्य से जुड़ी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून सम्मत आचरण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लेखपाल भर्ती में हुआ यह हस्तक्षेप न केवल वर्तमान प्रक्रिया को सुधारने वाला कदम है, बल्कि आने वाली सभी भर्तियों के लिए भी सख्त संदेश है कि आरक्षण संबंधी नियमों के पालन में जरा भी ढिलाई नहीं चलेगी। (UP Lekhpal Recruitment 2025)
UP Lekhpal Recruitment 2025: भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 29 दिसंबर 2025
आवेदन की अंतिम तिथि: 28 जनवरी 2026
संशोधन की अंतिम तिथि: 04 फरवरी 2026









