नवाबों का शहर लखनऊ जो अफनी नफासत नज़ाकत और अपनी तहज़ीब के लिए पूरी भारत में विख्यात है। वहां के लोगों ने ये सब भूलकर लखनऊ शहर को शर्मसार कर दिया है। घटना है 25 दिसंबर की जिस लखनऊ में पीएम मोदी समेत कई बड़े नेता मौजूद थे और कार्यक्रम था राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के उदघाटन का, प्रेरणा स्थल को सजाने के लिए हज़ारों गमले लगाये गए थे। लेकिन इन सबके बीच कार्यक्रम पूरा होने के बाद ही वहां से वो गमले गायब होना शूरु हो गए।
गमलों को चुराने वालों की खैर नहीं
सड़कों से ‘हरियाली’ चुराने वाले रईसजादों की अब खैर नहीं! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य कार्यक्रम की रौनक बढ़ाने के लिए सजाए गए कीमती गमलों पर हाथ साफ करने वाले ‘कार सवार चोरों’ के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने युद्ध स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आपको जानकर हैरानी होगी की,राजधानी के शहीद पथ और कार्यक्रम स्थल के आसपास के इलाकों से जो तस्वीरें सामने आई हैं, उन्होंने लखनऊ की तहजीब को शर्मसार कर दिया है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे सफेदपोश लोग अपनी महंगी कारों और एसयूवी (SUV) को रोककर, डिग्गी खोलकर सरकारी गमले ऐसे भर रहे थे मानो वह उनकी पुश्तैनी जायदाद हो। बाइक सवार भी पीछे नहीं रहे, उन्होंने भी चलती गाड़ी पर गमले लादकर ‘हरियाली लूट’ को अंजाम दिया।

LDA का ‘एक्शन अवतार‘, पुलिस को भेजा फरमान!
अब मुस्कराइये आप लखनऊ में हैं, क्यूंकि यह शहर है योगी का और वो हैं यहां के सिंघम! योगी की धमक से LDA का ‘एक्शन अवतार’, पुलिस को भेजा फरमान! आपको बताते चलें कि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मचे बवाल को देखते हुए LDA के उपाध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाया है। प्राधिकरण ने लखनऊ पुलिस को एक कड़ा पत्र लिखकर एफआईआर (FIR) दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब वायरल वीडियो और रास्तों पर लगे हाई-टेक कैमरों की मदद से गाड़ियों के नंबर ट्रेस कर रही है। जहां LDA ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने चोरी की है, पुलिस सीधे उनके घर की घंटी बजाएगी।

इंटरनेट पर लोग इन चोरों को जमकर ट्रोल कर रहे हैं। कोई इसे ‘गरीबों की रईसी’ कह रहा है तो कोई ‘नवाबों के शहर का नया डकैत’। LDA के अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ गमलों की चोरी नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति का नुकसान और शहर की छवि को बिगाड़ने का अपराध है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पहचान होने के बाद इन लोगों पर चोरी और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। भारी जुर्माने के साथ-साथ इन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है।

LDA की नर्सरी में रखवाए जा रहे बाकी पौधे
अब इन पौधों को उठवा कर LDA की नर्सरी में रखवाया जा रहा है। पौधों की सुरक्षा के लिए गार्ड्स भी लगाये गए थे, लेकिन लोग माने नहीं और उठा कर ले जाते रहे। इसने घटना से लखनऊ में आयोजित G20 समिट के दौरान हुई ‘गमला चोरी’ की यादें ताजा हो गई हैं। G20 सम्मेलन के समय लखनऊ को सजाने के लिए सड़कों पर लगाए गए महंगे गमले चोरी हो गए थे। उस घटना का जिक्र खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक कार्यक्रम में किया था।
सावधान! अगर आपने भी उस दिन ‘शौक’ में सरकारी गमला अपनी गाड़ी में रखा था, तो तैयार रहिए… क्योंकि अब लखनऊ पुलिस अब आपका दरवाजा खटखटाने वाली है।









