Singer Rahul Deshpande Divorce: भारत के मशहूर शास्त्रीय सिंगर और अभिनेता राहुल देशपांडे इस समय सुर्खियों में हैं। राहुल देशपांडे ने अपनी प्राइवेट लाइफ को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है, जिसे सुनकर उनके फैंस को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने बताया कि उनका और उनकी पत्नी का शादी के 17 साल बाद तलाक हो गया है।
सिंगर ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा नोट लिखकर अपनी पत्नी से अलग होने की खबर शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि तलाक के बाद उन्हें कैसा महसूस हो रहा है।
पिछले साल ही हो चुका था कानूनी तलाक
राहुल देशपांडे ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने फैंस के लिए लिखा,”प्रिय मित्रों, आप सभी अपने-अपने तरीके से मेरे सफ़र का एक सार्थक हिस्सा रहे हैं, और इसीलिए मैं आपके साथ एक निजी और महत्वपूर्ण अपडेट साझा करना चाहता हूँ। मैंने आप में से कुछ लोगों के साथ यह खबर पहले ही साझा कर दी है। 17 साल की शादी और अनगिनत यादगार यादों के बाद, नेहा और मैं आपसी सहमति से अलग हो गए हैं और स्वतंत्र रूप से अपना जीवन जी रहे हैं। सितंबर 2024 में हमारा कानूनी अलगाव सौहार्दपूर्ण ढंग से तय हो गया।
बेटी रेणुका के लिए इमोशनल
इस पोस्ट में अपनी बेटी रेणुका के लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए राहुल ने लिखा कि हमेशा मेरी बेटी रेणुका मेरे लिए सबसे खास रहेंगी। मैंने इस बदलाव को निजी तौर पर समझने और यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ समय लिया कि सब कुछ सोच-समझकर किया जाए, खासकर हमारी बेटी रेणुका के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए। वह मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और मैं नेहा के साथ मिलकर उसे अटूट प्यार, समर्थन और स्थिरता के साथ पालने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।
हालाँकि यह हमारे लिए व्यक्तिगत रूप से एक नया अध्याय है, माता-पिता के रूप में हमारा बंधन और एक-दूसरे के प्रति हमारा सम्मान अभी भी मज़बूत है। इस दौरान हमारी निजता और निर्णय के प्रति आपकी समझ और सम्मान के लिए मैं सचमुच आभारी हूँ।
नेशनल अवॉर्ड भी जीता
बता दें कि राहुल मराठी इंडस्ट्री के जाने-माने पार्श्व गायकों और अभिनेताओं में से एक हैं। इससे पहले उन्हें मराठी फिल्म ‘मी वसंतराव’ में उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। वह इस फिल्म में मुख्य अभिनेता भी थे। वह दिवंगत शास्त्रीय गायक वसंतराव देशपांडे के पोते हैं।









