Bihar Election 2025 Phase 1 Voting: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले फेज के लिए वोटिंग जारी है। 18 जिलों की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे। शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसमें 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई है।
बिहार की 243 सीटों पर 2 फेज में चुनाव हो रहे हैं। 14 नंवबर को नतीजे आएंगे। पहले फेज में 1314 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 3.75 करोड़ वोटर्स करेंगे। वोटिंग के लिए 45,341 बूथ बनाए गए हैं।

इस बीच, जनशक्ति जनता दल (JJD) प्रमुख तेज प्रताप यादव ने पटना में अपना वोट डाला और बाकी लोगों से भी अपने घरों से बाहर आने और मतदान प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया। तेज प्रताप ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बिहार के लोगों को अपना वोट अवश्य डालना चाहिए। हर वोट महत्वपूर्ण है। माता-पिता का आशीर्वाद विशेष स्थान रखता है और जनता के आशीर्वाद का अपना महत्व है। (Bihar Election 2025 Phase 1 Voting)
राबड़ी देवी ने दोनों बेटों को दिया जीत का आशीर्वाद
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता राबड़ी देवी ने राज्य के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने अपने दोनों बेटों, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को भी शुभकामनाएं दीं। दोनों नेता अलग-अलग पार्टियों से चुनाव लड़ रहे हैं।

वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि मैं बिहार के लोगों से अपील करती हूं कि वे बाहर निकलें और वोट दें और अपने वोट के अधिकार को न भूलें। अपने बेटों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि मेरे दोनों बेटों को मेरी शुभकामनाएं। तेज प्रताप अपने दम पर चुनाव लड़ रहे हैं। मैं उनकी मां हूं। उन दोनों को शुभकामनाएं। (Bihar Election 2025 Phase 1 Voting)
महुआ विधानसभा सीट पर तेज प्रताप यादव का RJD विधायक से कड़ा मुकाबला
बिहार में वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी है। यहां मुख्य मुकाबला राजद सुप्रीमो के बड़े बेटे, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और बागी हो चुके तेज प्रताप यादव और राजद के वर्तमान विधायक मुकेश रौशन के बीच है।
2015 में तेज प्रताप यादव पहली बार महुआ सीट से चुनाव लड़कर विधायक बने थे। लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव सीट बदल कर हसनपुर (समस्तीपुर) चले गए और वहां से विधायक बने। लेकिन इस बार पार्टी से बेदखल किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल बना महुआ से ताल ठोक दी है।
Bihar Election 2025 Phase 1 Voting: सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत मतदान दर्ज
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राज्य के सभी जिलों में सहरसा जिले में सबसे अधिक 15.27 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि लखीसराय में मात्र 7 प्रतिशत मतदान हुआ। (Bihar Election 2025 Phase 1 Voting)
सुबह नौ बजे तक बेगूसराय जिले में 14.60 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद भोजपुर में 13.11 प्रतिशत, बक्सर में 13.28 प्रतिशत, दरभंगा में 12.48 प्रतिशत, गोपालगंज में 13.97 प्रतिशत, खगड़िया में 14.15 प्रतिशत, मधेपुरा में 13.74 प्रतिशत, मुंगेर में 13.37 प्रतिशत, मुजफ्फरपुर में 14.38 प्रतिशत, नालंदा में 12.45 प्रतिशत, पटना में 11.22 प्रतिशत, समस्तीपुर में 12.86 प्रतिशत, सारण में 13.30 प्रतिशत, शेखपुरा में 12.97 प्रतिशत, सीवान में 13.35 प्रतिशत और वैशाली में 14.30 प्रतिशत मतदान हुआ।
उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए की जीत का किया दावा
इससे पहले आज, बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में अपना वोट डाला और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्य जारी रहने चाहिए और उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ही गठबंधन के नेता बने रहेंगे।
उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि एनडीए भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा। मीडिया से बात करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है। बिहार में एक अच्छी सरकार बननी चाहिए और नीतीश कुमार द्वारा किए गए काम जारी रहने चाहिए। बिहार को कड़ी मेहनत से बदला गया है। (Bihar Election 2025 Phase 1 Voting)

बिहार में मुंगेर जिले की तारापुर विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी है। यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी नेता सह बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद के अरुण साह के बीच है। जन सुराज पार्टी ने यहां से डॉ संतोष सिंह को मैदान में उतारा है। आज बिहार चुनाव 2025 के पहले फेज में 3,06,333 वोटर तारापुर के अगले विधायक का फैसला करेंगे।
बिहार के मुंगेर जिले का एक प्रमुख अनुमंडल स्तरीय कस्बा तारापुर इतिहास, संस्कृति, आस्था और राजनीति के कई रंगों को समेटे हुए है। तारापुर विधानसभा क्षेत्र जमुई लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। तारापुर विधानसभा क्षेत्र में असरगंज, टेटिहा बम्बर, संग्रामपुर और खड़गपुर ब्लॉक की आठ ग्राम पंचायतें शामिल हैं। 1951 में स्थापित इस क्षेत्र ने 19 बार विधायक चुने हैं, जिनमें दो उपचुनाव शामिल हैं। (Bihar Election 2025 Phase 1 Voting)
राघोपुर की हॉट सीट: तेजस्वी यादव बनाम सतीश यादव की चुनौती
वहीं, बिहार की सबसे हॉट सीट राघोपुर में वोटिंग जारी है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राघोपुर यूं ही हॉट सीट नहीं बन गया। इस सीट से राजद सुप्रीमो प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव और महागठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव मैदान में हैं। उन्हें राघोपुर के ही दिग्गज बीजेपी नेता सतीश कुमार यादव ने चुनौती दी है।

सतीश यादव वही नेता हैं जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को हराया था। वो भी एक या दो हजार नहीं बल्कि 13,006 वोटों से। सतीश यादव ने इस जीत के बाद इलाके में दबदबा कायम कर लिया था। उस वक्त वो जदयू के टिकट पर राघोपुर से चुनावी मैदान में उतरे थे। हालांकि इस बार सतीश कुमार यादव जदयू से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। NDA से उन्हें बीजेपी ने राघोपुर का टिकट दिया है।
पहले चरण में कई चर्चित उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला
पहले चरण में कई चर्चित उम्मीदवारों की किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद होगी। इनमें महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल यादव, जनशक्ति जनता दल के तेज प्रताप यादव, जनता दल (यूनाइटेड) प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और भोला यादव शामिल हैं।

अलीनगर सीट पर भी सबकी नजर है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विनोद मिश्रा से है। वहीं, हाल ही में मोकामा में दुलार चंद यादव की हत्या के मामले में गिरफ्तार जद(यू) प्रत्याशी अनंत सिंह की किस्मत का फैसला भी इसी चरण में होना है। (Bihar Election 2025 Phase 1 Voting)
कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के समय में एक घंटे की कमी
बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव का पहला चरण आज सुबह 7 बजे राज्य के 18 जिलों के 121 निर्वाचन क्षेत्रों में शुरू हुआ, जिसमें लगभग 3.75 करोड़ मतदाता और 243 सीटें शामिल हैं। मतदान शाम 6 बजे समाप्त होगा, जबकि सुरक्षा कारणों से कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का समय घटाकर शाम 5 बजे कर दिया गया है।
निर्वाचन आयोग ने छह विधानसभा सीट पर मतदान के समय में एक घंटे की कमी की है। इन 2135 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इनमें सिमरी बख्तियारपुर (410 बूथ), महिषी (361 बूथ), तारापुर (412 बूथ), मुंगेर (404 बूथ), जमालपुर (492 बूथ) और सूर्यगढ़ा (56 बूथ) शामिल हैं। यह फैसला इन क्षेत्रों की संवेदनशीलता, प्रखंड मुख्यालय से दूरी और स्थानीय प्रशासन के सुझावों के आधार पर लिया गया है। बाकी 115 सीट के 43,206 बूथों पर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
2020 में तीन चरणों में मतदान हुआ। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 125 सीटें हासिल कीं, जबकि विपक्षी महागठबंधन (एमजीबी) ने 110 सीटें जीतीं। प्रमुख दलों में जनता दल (यूनाइटेड) को 43 सीटें, भाजपा को 74, राजद को 75 और कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं। जदयू ने 115, भाजपा ने 110, जबकि राजद ने 144 और कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा। (Bihar Election 2025 Phase 1 Voting)









