Delhi: राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के कार्यालयों के काम के घंटे बदलने का फैसला किया है। यह निर्णय प्रदूषण को रोकने के लिए एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव एक साथ न बढ़े और यातायात का भार समान रूप से वितरित हो, जिससे प्रदूषण के स्तर में कमी आए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार लगातार गंभीर प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में भाजपा सरकार ने यह कदम उठाकर सक्रियता दिखाई है। सरकार समस्या उत्पन्न होने के बाद समाधान नहीं चाहती।
Delhi: प्रदूषण से निपटने की तैयारी
मुख्यमंत्री के अनुसार, हाल ही में पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारियों के साथ राजधानी में प्रदूषण पर चर्चा के लिए एक बैठक हुई थी। बैठक में निर्णय लिया गया कि शीत ऋतु (15 नवंबर, 2025 से 15 फरवरी, 2026 तक) के दौरान दिल्ली सरकार और नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यालय समय में चरणबद्ध परिवर्तन किए जाएँगे।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राजधानी में प्रदूषण बढ़ने पर कार्यालयों के समय में बदलाव किया जाता था। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कार्यालयों के खुलने और बंद होने के समय में अंतर रखें ताकि यातायात का दबाव एक साथ न बढ़े। दिल्ली में सर्दियों के दौरान, पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषकों का स्तर सामान्य मानकों से कहीं अधिक बढ़ जाता है, जिससे वायु गुणवत्ता गंभीर रूप से बिगड़ जाती है और जन स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है। (Delhi)

Delhi के कार्यालयों का नया शेड्यूल
वर्तमान में, दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक और दिल्ली नगर निगम के कार्यालय सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुले रहते हैं। समय में 30 मिनट के अंतर के कारण, सुबह और शाम दोनों समय भारी यातायात और भीड़भाड़ रहती है, जिससे वायु प्रदूषण और बढ़ जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि दोनों संस्थानों के खुलने और बंद होने के समय में अधिक अंतर रखा जाए, तो एक ही समय में सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी, जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। (Delhi)
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष भी (15 नवंबर, 2025 से 15 फरवरी, 2026) के दौरान प्रदूषण बढ़ने की संभावना है, इसलिए सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया जा रहा है। प्रस्तावित बदलावों के तहत, सरकारी कार्यालयों के लिए सर्दियों का नया समय इस प्रकार होगा। दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक, और दिल्ली नगर निगम के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक।
यातायात प्रबंधन में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य न केवल यातायात के दबाव को कम करना है, बल्कि नागरिकों को बेहतर वायु गुणवत्ता प्रदान करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को पूरे शीतकाल में इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और यातायात व प्रदूषण के स्तर पर लगातार नज़र रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस कदम से प्रदूषण कम करने और दिल्लीवासियों को राहत मिलेगी।
दिवाली के बाद से, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में AQI को कई क्षेत्रों में ‘खराब’ और ‘बहुत खराब’ के रूप में वर्गीकृत किया गया है, जबकि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का चरण 2 अभी भी प्रभावी है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने वायु गुणवत्ता में गिरावट के कारण GRAP चरण ।। लागू होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में पार्किंग शुल्क को दोगुना करने की घोषणा पहले ही कर दी है। (Delhi)









