Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात लिव-इन में रहने वाली मणिपुर निवासी प्रेमिका लुंजियाना पमाई ने दक्षिण कोरिया निवासी प्रेमी डक ही युह की चाकू मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक डक ही यूह को 4 जनवरी को GIMS अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दूतावास को सूचना दी है।
Greater Noida: क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, घटना क्षेत्र के सेक्टर-150 स्थित ATS पायस हाइड सोसायटी के 1201 नंबर फ्लैट में शनिवार देर रात हुई। दक्षिण कोरिया के बीओन जीआईएल हेंगडुओक-गु-चेओंगजू एसआई निवासी प्रेमी डक ही युह (40) सेक्टर 42 स्थित कोरियन कंपनी में कई साल से मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
वहीं लुंजियाना पमाई निवासी थंगल, थाना खौपुम, जिला बिशानुपुर, मणिपुर भी उसी कंपनी में काम करती थी। वहीं पर दोनों की मुलाकात हुई थी। दोनों में नजदीकी बढ़ने के बाद प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। लगभग दो वर्ष से दोनों लिव-इन में रहने लगे। (Greater Noida)
शराब के नशे में हुआ विवाद
सोसायटी के लोगों में चर्चा है कि पिछले कुछ दिनों से कई बार रात में दोनों के बीच विवाद हो रहा था। शनिवार को भी दोनों ने शराब पी थी। इसके बाद देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर लुंजियाना ने डक ही युह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर घाव होने से वह खून से लथपथ होकर गिर गए। घटना के बाद लुंजियाना पमाई ही आनन-फानन उसे लेकर जिम्स अस्पताल पहुंची। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना कासना कोतवाली में दी। रविवार सुबह सूचना मिलने के बाद कासना पुलिस ने घटना स्थल से जुड़े नॉलेज पार्क थाना पुलिस को जानकारी दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एसीपी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। (Greater Noida)
उन्होंने बताया कि मृतक के स्वजन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपित युवती को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने किसी बात को लेकर विवाद के चलते विदेशी युवक पर चाकू से हमला करने का जुर्म कुबूल किया है। जांच जारी है, मृतक के स्वजन के आने व जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADP) सुधीर कुमार ने बताया कि पीड़ित को उसकी लिव-इन पार्टनर लुंजेना पामाई ने चाकू मारा था, जो मणिपुर के थांगाई की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित शराब पीता था और अक्सर अपनी पार्टनर से झगड़ा करता था। दोनों के बीच कहासुनी हुई और महिला ने उसे चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। (Greater Noida)









