Jorhat Airbase Plane Crash: असम के जोरहाट एयरबेस पर शनिवार को भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें भीषण आग लग गई। यह विमान एक नियमित उड़ान पर था और जैसे ही इसने जोरहाट हवाई पट्टी पर लैंड किया, इसमें एक जोरदार धमाका हुआ। हादसे के तुरंत बाद विमान दो हिस्सों में टूट गया।

लैंडिंग के बाद हुआ धमाका, फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीम ने संभाला मोर्चा
यह दुर्घटना असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन के परिसर के भीतर ही हुई। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान में ब्लास्ट हुआ, जिससे आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। एयरबेस पर मौजूद फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाया।स्थानीय प्रशासन भी मदद में जुटा है।
वायुसेना ने शुरू की जांच, हादसे के कारणों की पड़ताल जारी
यह एक मालवाहक (टैक्टिकल मीडियम ट्रांसपोर्ट) विमान है। इसमें पायलटों के अलावा वायुसेना के अन्य कर्मी भी सवार होते हैं। शुरुआती रिपोर्टों में पायलट और क्रू मेंबर्स के नुकसान की आशंका जताई गई है, लेकिन वायुसेना की ओर से हताहतों की संख्या की सटीक आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
भारतीय वायुसेना (IAF) ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि मौके पर स्थिति का बारीकी से आकलन किया जा रहा है और जैसे ही नए तथ्य सामने आएंगे, आगे की जानकारी प्रदान की जाएगी। वायुसेना ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।









