PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 सितंबर को गुजरात के भावनगर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वे 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे एक सभा को भी संबोधित करेंगे और धोलेरा का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
समुद्री क्षेत्र में विकास
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी समुद्र से समृद्धि ‘ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गुजरात का दौरा करेंगे। दोपहर लगभग 1:30 बजे, वे एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे। समुद्री क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री 7,870 करोड़ रुपये से अधिक लागत की समुद्री क्षेत्र से संबंधित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। (PM Modi Gujarat Visit)
वह इंदिरा डॉक पर मुंबई अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। वह कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर एक नए कंटेनर टर्मिनल और संबंधित सुविधाओं; पारादीप बंदरगाह पर एक नए कंटेनर बर्थ, कार्गो हैंडलिंग सुविधाओं और संबंधित विकास कार्यों; और टूना टेकरा मल्टी-कार्गो टर्मिनल की आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री एन्नोर में कामराजर बंदरगाह पर अग्निशमन सुविधाओं और आधुनिक सड़क संपर्क तथा चेन्नई बंदरगाह पर समुद्री दीवारों और रिवेटमेंट सहित तटीय संरक्षण कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे।
इसके अलावा, कार निकोबार द्वीप पर समुद्री दीवार निर्माण, कांडला के दीनदयाल बंदरगाह पर बहुउद्देशीय कार्गो बर्थ और हरित बायोमेथेनॉल संयंत्र तथा पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।
ऊर्जा और उद्योग (PM Modi Gujarat Visit)
समग्र और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री गुजरात में विभिन्न क्षेत्रों के लिए 26,354 करोड़ रुपये से अधिक लागत की केंद्र और राज्य सरकार की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
वह छारा बंदरगाह पर एचपीएलएनजी पुनर्गेसीकरण टर्मिनल, गुजरात आईओसीएल रिफाइनरी में एक्रिलिक और ऑक्सो अल्कोहल परियोजना, 600 मेगावाट ग्रीन शू पहल, किसानों के लिए पीएम-कुसुम 475 मेगावाट घटक सी सौर फीडर, 45 मेगावाट बडेली सौर पीवी परियोजना और धोरडो गांव के पूर्ण सौरीकरण का उद्घाटन करेंगे।
Read More: https://offtherecordnews.in/2025/09/19/dusu-election-result-2025-abvp-wins-three-key-posts/
स्वास्थ्य और शिक्षा
पीएम मोदी एलएनजी अवसंरचना, अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं, तटीय संरक्षण कार्यों, राजमार्गों, स्वास्थ्य सेवा और शहरी परिवहन परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे, जिसमें भावनगर में सर टी. जनरल अस्पताल, जामनगर में गुरु गोविंद सिंह सरकारी अस्पताल का विस्तार और 70 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों को चार लेन का बनाना शामिल है।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (डीएसआईआर) का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, जिसकी परिकल्पना एक ग्रीनफील्ड औद्योगिक शहर के रूप में की गई है, जो टिकाऊ औद्योगिकीकरण, स्मार्ट बुनियादी ढांचे और वैश्विक निवेश पर आधारित होगा।
राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (PM Modi Gujarat Visit)
वह लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएचएमसी) का भी दौरा करेंगे और उसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस परिसर का विकास लगभग 4,500 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारत की प्राचीन समुद्री परंपराओं का संरक्षण करना तथा पर्यटन, अनुसंधान, शिक्षा और कौशल विकास के केंद्र के रूप में कार्य करना है।









