Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भीषण गर्मी और उमस के कारण तिरंगा यात्रा के दौरान 40 से अधिक छात्राओं के बेहोश होने और बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। यह घटना 13 अगस्त 2026 को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित एक रैली के दौरान हुई। इस रैली में कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका विद्यालय और अन्य स्कूलों की लगभग 5,000 छात्राओं ने हिस्सा लिया था। इसमें से 40 से अधिक छात्राओं की हालत अचानक बिगड़ गई।
Uttar Pradesh: देवरिया मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में कराया गया भर्ती
यह यात्रा सुबह लगभग 11 बजे ‘पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज’ परिसर से शुरू हुई थी। उस समय तापमान और उमस बहुत अधिक थी। डॉक्टरों और जिला प्रशासन के अनुसार, छात्राएं तेज धूप, अत्यधिक उमस, लंबे समय तक पैदल चलने और सुबह से खाली पेट रहने के कारण गंभीर डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का शिकार हो गईं। हालत बिगड़ने पर छात्राओं को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए महर्षि देवराहा बाबा स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (देवरिया मेडिकल कॉलेज) के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। (Uttar Pradesh)
डीएम और सीडीओ ने अस्पताल पहुंचकर जाना छात्राओं का हाल
देवरिया के जिलाधिकारी (DM) मधुसूदन हुल्गी और मुख्य विकास अधिकारी ने खुद अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हालचाल जाना। डॉक्टरों के अनुसार, त्वरित इलाज ORS और आईवी ड्रिप मिलने के बाद सभी छात्राओं की स्थिति पूरी तरह से स्थिर और खतरे से बाहर है। कई छात्राओं को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। देवरिया के अलावा, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में भी तिरंगा यात्रा के दौरान गर्मी की वजह से 3 बच्चों के बेहोश होने की खबर सामने आई, जिन्हें तुरंत ओआरएस (ORS) घोल देकर संभाला गया। (Uttar Pradesh)









