Varanasi Dalmandi Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश के वाराणसी के दालमंडी इलाके में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए प्रभावित धार्मिक ढांचों को हटाने का काम लगातार दूसरे दिन भी भारी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया है।
Varanasi Dalmandi Bulldozer Action: ₹224 करोड़ की परियोजना से 60 फीट चौड़ा होगा दालमंडी मार्ग
इस ₹224 करोड़ की लागत वाली परियोजना का मुख्य उद्देश्य काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर के गेट नंबर 4 तक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। भीड़भाड़ वाले 650 मीटर लंबे दालमंडी मार्ग को लगभग 17.4 मीटर (60 फीट) तक चौड़ा किया जा रहा है। इस चौड़ीकरण के दायरे में कुल 187 व्यावसायिक और आवासीय भवन तथा 6 मस्जिदें आई हैं। लगभग 150 से अधिक सामान्य भवनों को पहले ही हटाया जा चुका है।
5 मस्जिदों के प्रबंधन का सहयोग, छठी पर कोर्ट के फैसले का इंतजार
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित 6 मस्जिदों में से 5 की रजिस्ट्री नियमानुसार पूरी हो चुकी है, जिन पांच मस्जिदों (मिर्जा करीमुल्ला बेग मस्जिद, निसारन मस्जिद, रंगीले शाह मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद और संगीमरमर मस्जिद) की रजिस्ट्री हो चुकी है, उनके प्रबंधन और मुतवल्ली आपसी सहमति से स्वयं ही प्रभावित हिस्सों को हटाने के काम में सहयोग कर रहे हैं। छठी मस्जिद (लंगड़े हाफिज मस्जिद) का मामला फिलहाल अदालत में लंबित होने के कारण उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। (Varanasi Dalmandi Bulldozer Action)
RAF, PAC, CRPF समेत 1,860 जवानों की निगरानी में चल रहा अभियान
मौके पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), पीएसी (PAC) की 7 कंपनियां, सीआरपीएफ (CRPF) की एक बटालियन और स्थानीय पुलिस बल के लगभग 1,860 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। दालमंडी जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों और चौराहों को टीन शेड और बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
मीडिया की एंट्री पर फिलहाल रोक
कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पूरे प्रभावित क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई है। प्रशासनिक अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें मौके पर मौजूद रहकर चरणबद्ध तरीके से इस कार्य को आगे बढ़ा रही हैं। (Varanasi Dalmandi Bulldozer Action)









