उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज जमकर हंगामा देखने को मिला। पिछले कुछ समय से पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर हमलावर नजर आ रहे हैं। उसके पीछे का ताजा मामला कफ सिरप का है। जिसको लेकर विधानसभा में जमकर हंगामा देखने को मिला। कफ सिरप पर आज सदन में सीएम योगी ने विपक्ष को नसीहत दे डाली और उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी जमकर तंज कसा।
सीएम योगी ने सदन में कहा देश में “दो नमूने”
उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र का आज दूसरा दिन है। जहा एक तरफ हंगामा हो रहा था वहीं दूसरी तरफ सीएम योगी आदित्यनाथ फ्रंट फुट पर बैटिंग करते नज़र आए। सीएम योगी ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने विधानसभा में कहा, “देश के अंदर दो नमूने हैं।“ एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में। देश में कोई भी चर्चा होते ही वे तुरंत देश छोड़कर भाग जाते हैं और मुझे लगता है कि आपके ‘बबुआ’ के साथ भी यही हो रहा है। वे भी इंग्लैंड की यात्रा के लिए फिर से देश छोड़ देंगे और आप लोग यहां शोर मचाते रहेंगे।”
अखिलेश यादव का सीएम योगी पर पलटवार
इस पर अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आत्म-स्वीकृति! किसी को उम्मीद नहीं थी कि दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई यहां तक पहुंच जाएगी। संवैधानिक पदों पर बैठे लोग आपस में कुछ तो लोक-लाज रखें और मर्यादा की सीमा न लांघें। भाजपाई अपनी पार्टी के अंदर की खींचातानी को चौराहे पर न लाएं। कहीं कोई बुरा मान गया तो वापस जाना पड़ेगा।”

यूपी में कोडीन कफ सिरप का प्रोडक्शन नहीं होता- योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा, “यूपी के अंदर कोडीन कफ सिरप इसके केवल स्टॉकेज हैं और होलसेलर हैं। इसका यहां पर प्रोडक्शन नहीं होता है। ये मध्य प्रदेश, हिमाचल और अन्य राज्यों में होता है। मौत के प्रकरण अलग राज्यों में सामने आए हैं। कौन ऐसा व्यक्ति हैं जिसने कफ सिरप नहीं लिया, लेकिन चिकित्सीय परामर्श उसमें लिखा जाता है। सरकार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है।” सीएम योगी यहीं नहीं रुके उन्होने आगे कहा कि एसटीएफ पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि कोर्ट ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा चलाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ा है और इसमें सफलता भी प्राप्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा। सीएम ने बुलडोजर एक्शन को लेकर समाजवादी पार्टी पर तंज कसा। कहा कि चिंता मत कीजिए, समय आने पर बुलडोजर एक्शन की पूरी तैयारी रहेगी, उस समय चिल्लाइएगा नहीं।

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को लेकर होगी चर्चा
इसके अलावा आज विधानसभा में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर पांच घंटे चर्चा के लिए निर्धारित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा होने पर यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा, “सभी लोग ‘वंदे मातरम’ की कुछ पंक्तियों को स्वीकार करते हैं। लेकिन इन पंक्तियों को स्वीकार करने के बाद भी कुछ लोग इसे नहीं गाते। अगर यह सबके लिए अच्छा है और वास्तव में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतिनिधित्व करता है, तो सभी को इसे गाना चाहिए। इस पर विस्तार से चर्चा होनी चाहिए।”









