Virat Kohli on Bengaluru Stampede: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 4 जून को टीम के विजय समारोह के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में अपनी जान गंवाने वाले पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना और समर्थन व्यक्त किया है।
आरसीबी की पहली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ट्रॉफी का जश्न देखने के लिए लगभग 3 लाख लोग एकत्र हुए थे, जिसके कारण मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए।
RCB द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की गई एक पोस्ट में कोहली ने कहा, “ज़िंदगी में कुछ भी आपको 4 जून जैसे दिल टूटने के लिए तैयार नहीं करता। जो हमारी फ्रैंचाइज़ी के इतिहास का सबसे खुशी का पल होना चाहिए था, वह दुखद हो गया। मैं उन लोगों के परिवारों के बारे में सोच रहा हूँ और उनके लिए प्रार्थना कर रहा हूँ जिन्हें हमने खो दिया और हमारे उन प्रशंसकों के लिए जो घायल हुए। आपका नुकसान अब हमारी कहानी का हिस्सा है। हम साथ मिलकर देखभाल, सम्मान और ज़िम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।”

इस त्रासदी के बाद RCB ने पिछले महीने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। फ्रेंचाइजी के साथ-साथ प्रशंसकों और क्रिकेट जगत के सदस्यों ने भी दुख और एकजुटता व्यक्त की।
इस मामले में न्यायिक जांच के भी आदेश दिए गए थे, जिसके बाद से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक कोई भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला गया है। वहीं महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में होने वाले मुकाबलों को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकेडमी में कराने का फैसला लिया गया।









