IND vs AFG 1st T20: भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला तय शेड्यूल के अनुसार 13 सितंबर 2026 को ही दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक पोस्ट शेयर कर मैच के स्थगित या आगे बढ़ाए जाने की सभी अटकलों पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है। डीडीसीए ने साफ किया है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुख्ता आश्वासन मिल चुका है, इसलिए मुकाबले की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
IND vs AFG 1st T20: ब्रिक्स समिट के कारण मंडराए थे संकट के बादल
इस मुकाबले को लेकर शंका तब शुरू हुई, जब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले हाई-प्रोफाइल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया। दरअसल, ब्रिक्स समिट का मुख्य वेन्यू भारत मंडपम और मैच का वेन्यू अरुण जेटली स्टेडियम एक-दूसरे से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं और दोनों ही महात्मा गांधी रोड (रिंग रोड) के जरिए जुड़े हुए हैं।
शिखर सम्मेलन के चलते दिल्ली में दुनिया भर के शीर्ष नेताओं और वीवीआईपी (VVIP) का मूवमेंट होना है, जिसके कारण सेंट्रल दिल्ली में बड़े पैमाने पर रूट डायवर्जन और ट्रैफिक पाबंदियां लागू की गई हैं। इसी व्यस्तता के कारण पुलिस प्रशासन ने शुरुआत में डीडीसीए को पत्र लिखकर मैच को किसी अन्य तारीख पर रिशेड्यूल करने का सुझाव दिया था, ताकि एक ही समय पर लगभग 30,000 दर्शकों की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में कोई दिक्कत न आए। (IND vs AFG 1st T20)
अफवाहों पर लगा पूर्ण विराम
तारीख बदलने की खबरों के बीच DDCA ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर पोस्ट कर स्थिति साफ की।डीडीसीए ने लिखा, “13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान के बीच होने वाला पहला टी20 मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद डीडीसीए को सभी आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाओं का आश्वासन दिया गया है। कोई पोस्टपोनमेंट नहीं होगा।”
डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा ने भी यह साफ किया कि राज्य संघ को पुलिस की ओर से मैच रद्द करने का कोई निर्देश नहीं मिला था, बल्कि बातचीत मुख्य रूप से बेहतर क्राउड मैनेजमेंट (भीड़ प्रबंधन) को लेकर थी। प्रशासन ने सलाह दी है कि स्टेडियम के गेट समय से काफी पहले खोल दिए जाएं ताकि सड़कों पर अचानक वाहनों का दबाव न बढ़े और दर्शक बिना किसी बाधा के स्टेडियम में प्रवेश कर सकें। (IND vs AFG 1st T20)
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
इस सीरीज में कुल 3 टी20 मुकाबले खेले जाने हैं और दिलचस्प बात यह है कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) इस सीरीज का ‘होस्ट’ यानी मेजबान है, लेकिन सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स के चलते इसके सभी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही आयोजित किए जा रहे हैं।
- पहला टी20 मैच: 13 सितंबर 2026 (रविवार) – शाम 7:00 बजे से।
- दूसरा टी20 मैच: 15 सितंबर 2026 (मंगलवार) – शाम 7:00 बजे से।
- तीसरा टी20 मैच: 17 सितंबर 2026 (गुरुवार) – शाम 7:00 बजे से।
डीडीसीए के इस त्वरित और साफ फैसले से दिल्ली के क्रिकेट प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है। रविवार को होने वाले इस रोमांचक मुकाबले के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राजधानी वीवीआईपी समिट के साथ-साथ क्रिकेट के इस महामुकाबले की मेजबानी के लिए भी पूरी तरह तैयार है। (IND vs AFG 1st T20)









