उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन ‘पुलिस मंथन-2025’ में महिला अपराध, बाल व मानव तस्करी और संबंधित मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। सम्मेलन में महिलाओं और बच्चों से जुड़े प्रमुख कार्यों और चुनौतियों पर एक प्रजेंटेशन दिया गया, जिसमें एडीजी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन पद्मजा चौहान ने अपनी बात रखी।

सीएम योगी आदित्यनाथ के समक्ष मिशन शक्ति केन्द्र और जागरूकता कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई, जिसमें पारिवारिक विघटन और लैंगिक अपराधों से जुड़े समाधान पर विचार विमर्श किया गया। मिशन-शक्ति के तहत महिलाओं और बाल सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए सकारात्मक बदलावों पर भी मंथन हुआ।
सीएम योगी ने यक्ष ऐप को किया लॉच
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यक्ष (YAKSH) ऐप को औपचारिक लॉन्च किया। यह ऐप एआई और बिग डेटा एनालिसिस से तैयार किया गया है और आधुनिक पुलिसिंग का अत्याधुनिक उपकरण माना जा रहा है। अब पुलिस अधिकारी एक क्लिक में माफिया और अपराधियों की पूरी जानकारी देख सकेंगे।

यक्ष ऐप में पुलिस के लिए कितनी मददगार
जानकारी के मुताबिक, यक्ष ऐप में संवेदनशील इलाकों की जानकारी पहले से पता रहेगी, जहां पत्थरबाजी या अन्य घटनाओं की संभावना होती है। इस सारी घटनाओं के बारे में यूपी पुलिस को पहले से ही इस ऐप के द्वारा जानकारी मिल जाएगी। रियल-टाइम अलर्ट, AI फेस रिकग्निशन, वॉइस सर्च, CrimeGPT और गैंग एनालिसिस जैसी सुविधाओं से अधिकारी किसी भी समय अपराध की स्थिति पर नजर रख सकेंगे.

गैंग और अपराध नेटवर्क का पूरा डेटा
इस ऐप के जरिए अधिकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर गैंग, अपराध नेटवर्क, इतिहास और हीस्ट्रीशीटर और गतिविधियों की पूरी जानकारी मिल सकती हैं। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी और अपराध पर नियंत्रण अधिक सटीक तरीके से होगा।









