क्रिकेट जगत में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बांग्लादेश सरकार ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण और किसी भी तरह के प्रचार पर तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया। यह कड़ा फैसला स्टार तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम से बाहर किए जाने के विरोध में लिया गया है।
मुस्ताफिजुर रहमान को केकेआर ने आईपीएल से किया रिलीज़
आपको बताते चलें कि, मुस्ताफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के एक विशेष निर्देश के बाद अपनी टीम से रिलीज कर दिया था। हालांकि इस फैसले के पीछे तकनीकी या रणनीतिक कारणों का हवाला दिया गया था, लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और वहां की सरकार ने इसे अपने स्टार खिलाड़ी के अपमान के तौर पर देखा है।

बांग्लादेश ने आईपीएल के प्रसारण पर लगाया बैन
बांग्लादेश में आईपीएल की भारी लोकप्रियता है और मुस्ताफिजुर रहमान वहां के सबसे चहेते खिलाड़ियों में से एक हैं। जहां एक ओर फैंस अपने स्टार खिलाड़ी के समर्थन में खड़े हैं, वहीं दूसरी ओर क्रिकेट प्रेमी इस प्रतिबंध के कारण मैच न देख पाने से निराश भी हैं। तो वहीं सोशल मीडिया पर #IStandWithMustafizur और #IPL Ban जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना से भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में खटास आ सकती है। बीसीसीआई (BCCI) ने फिलहाल इस प्रतिबंध पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन केकेआर कैंप में इस हलचल का असर टीम के संतुलन पर पड़ सकता है।

यह पहली बार नहीं है जब किसी खिलाड़ी को लेकर दो देशों के बोर्ड आमने-सामने आए हों, लेकिन सरकार द्वारा सीधे लीग के प्रसारण पर प्रतिबंध लगाना एक अभूतपूर्व कदम माना जा रहा है।









