pawan singh Fraud case: भोजपुरी फिल्म अभिनेता और सिंगर पवन सिंह के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पवन सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ मंगलवार को 1.57 करोड़ की ठगी का मुकदमा कैंट थाने में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर दर्ज हुआ।
आरोप है कि होटल कारोबारी को भोजपुरी फिल्म निर्माण में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये का चूना लगाया गया। आरोपियों में पवन सिंह, प्रेमशंकर राय, उसकी पत्नी सीमा राय और निर्देशक अरविंद चौबे शामिल हैं।
यह है पूरा मामला
शहर के नाटीइमली निवासी होटल कारोबारी विशाल सिंह ने तहरीर में बताया कि भोजपुरी फिल्म निर्माण के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। विशाल का आरोप है कि मुंबई में पढ़ाई के दौरान उनकी पहचान प्रेमशंकर राय और उनकी पत्नी सीमा राय से हुई। दोनों ने वर्ष 2018 में भोजपुरी फिल्म बनाने के नाम पर उनसे करोड़ों रुपये निवेश करवाए और भरोसा दिया कि खर्च की गई राशि सब्सिडी व मुनाफे के रूप में लौटाई जाएगी।
विशाल का कहना है कि 32 लाख 60 हजार रुपये किश्तों में सीधे बैंक खातों में जमा कराए थे। फिल्म की शूटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन पर करीब एक करोड़ 25 लाख रुपये खर्च हुए। आरोप है कि ना तो रकम वापस की गई और ना ही मुनाफे में हिस्सा दिया गया है।
जान से मारने की दी धमकी
यह भी आरोप लगाए के आरोपितों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनको निर्माता दिखाया और जब उन्होंने रुपये की मांग की तो टालमटोल की गई। अभिनेता पवन सिंह की ओर से जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद विशाल कोर्ट पहुंचे, जहां से आदेश मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस ने इन चारों लोगों पर आईपीसी की 420, 406, 467, 468 और 506 के तहत कानूनी कार्रवाई की है।
बता दें कि पवन सिंह इन दिनों लगातार विवाद में फंस रहे हैं। पवन सिंह ने इससे पहले हरियाणवी एक्ट्रेस के साथ बदतमीजी की थी। हालांकि पवन सिंह ने बाद में माफी भी मांग ली थी। वहीं उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करके बात करने की अपील की थी।
पवन सिंह मूलरूप से बिहार के आरा जिले के रहने वाले हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने बिहार के काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भाग्य आजमाया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर चर्चा है कि वह एक बार फिर से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।









