Gen Naravane Book Row: पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ (Four Stars of Destiny) को लेकर चल रही गरमागरम राजनीतिक बहस के बीच, भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को लोकसभा विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया।
भाजपा ने राहुल गांधी पर एक सम्मानित सैन्य अधिकारी को अपनी घटिया राजनीति में घसीटने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी ने न केवल संसद की गरिमा गिराई, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर झूठ बोलकर देश को गुमराह किया।
Gen Naravane Book Row: क्या है ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ विवाद?
सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में, भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी ने न केवल संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि एक सम्मानित सेना अधिकारी को भी अपनी घटिया राजनीति में घसीटा। किताब प्रकाशित न होने के बावजूद उन्होंने संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा के एक संवेदनशील मुद्दे को उठाया। जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने झूठा दावा किया कि किताब पहले ही प्रकाशित हो चुकी है और तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया। (Gen Naravane Book Row)
पार्टी ने आगे कहा कि अब, पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे और पेंगुइन पब्लिशर्स ने स्पष्ट किया है कि पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है। यह कोई अकेली घटना नहीं है। उन्होंने बार-बार विकृत तथ्य प्रस्तुत करके देश को गुमराह किया है। ऐसे आचरण से देश यह सोचने पर मजबूर है कि क्या वे वास्तव में विपक्ष के नेता का पद संभालने के योग्य हैं।
विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद में पुस्तक के अंश उधृत करते हुए दावा किया कि यह उपलब्ध है, और इसके लिए उन्होंने नरवणे की 2023 की सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया। अध्यक्ष ने एक आदेश पारित करते हुए विपक्ष के नेता को अप्रकाशित साहित्य का उद्धरण न देने को कहा। इसके विरोध में विपक्ष के हंगामे के कारण कई सांसदों को निलंबित भी किया गया था। (Gen Naravane Book Row)
पेंगुइन रैंडम हाउस की सफाई: “किताब अभी बाजार में आई ही नहीं, तो दावे कैसे?”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोप के जवाब में पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने आज एक नया बयान जारी कर स्पष्ट किया कि पुस्तक की घोषणा हो चुकी है और प्री-ऑर्डर के लिए भी उपलब्ध है, लेकिन अभी तक इसका प्रकाशन, वितरण या बिक्री शुरू नहीं हुई है। इसकी कोई भी प्रति अनधिकृत रूप से वितरित की जा रही है और कॉपीराइट का उल्लंघन है। (Gen Naravane Book Row)
वहीं, दिल्ली पुलिस ने पुस्तक की अप्रकाशित सामग्री के अवैध प्रसार और पीडीएफ लीक होने के मामले में कॉपीराइट उल्लंघन और आपराधिक साजिश के तहत एफआईआर दर्ज की है।









