Bihar Election 2025: भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है, जिसमें कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान, 65 लाख मतदाताओं के नाम मसौदा सूची से हटा दिए गए थे, जबकि 21.53 लाख नए मतदाताओं को जोड़ा गया है। अंतिम सूची में 3.92 करोड़ पुरुष मतदाता, 3.49 करोड़ महिला मतदाता और 1,725 तीसरे लिंग के मतदाता शामिल हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, मसौदा सूची से हटाए गए अयोग्य मतदाताओं की संख्या 3.66 लाख है, जबकि मसौदा सूची (फॉर्म 6) में 21.53 लाख योग्य मतदाताओं को जोड़ा गया है, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या 7.42 करोड़ हो गई है। वहीं, विपक्षी दलों ने बिहार में मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया का विरोध किया है।
Bihar Election 2025: मतदाता सूची की मुख्य बातें-
- मतदाताओं की कुल संख्या: 7.42 करोड़
- पुरुष मतदाता: 3.92 करोड़
- महिला मतदाता: 3.49 करोड़
- तीसरे लिंग के मतदाता: 1,725
- हटाए गए मतदाता: 65 लाख (मृतक, स्थायी रूप से पलायन कर गए या दोहरी प्रविष्टि)
- नए जोड़े गए मतदाता: 21.53 लाख
चुनाव आयोग ने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की गईं ताकि एसआईआर प्रक्रिया को समझाया जा सके और उन्हें पूरी जानकारी दी जा सके। चुनाव आयोग ने एसआईआर के पूरा होने पर बिहार के लोगों, चुनाव अधिकारियों, राजनीतिक दलों और अन्य प्रमुख हितधारकों को बधाई दी।
चुनाव आयोग का कहना है कि एसआईआर अभ्यास संविधान के अनुच्छेद 326 और ईसीआई के आदर्श वाक्य ‘कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो’ के अनुरूप किया गया। यदि कोई पात्र व्यक्ति अभी भी अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन करना चाहता है, तो वह चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से दस दिन पहले तक आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। (Bihar Election 2025)
निर्वाचन आयोग ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अंतिम मतदाता सूची में प्रविष्टि के संबंध में ईआरओ के निर्णय से संतुष्ट नहीं है, तो वह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के तहत जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील तथा सीईओ के समक्ष द्वितीय अपील दायर कर सकता है।
चुनाव आयोग ने कहा कि बड़े पैमाने पर यह अभ्यास मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) बिहार, सभी 38 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), 243 निर्वाचक निबंधन अधिकारियों (ईआरओ), 2,976 सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारियों (एईआरओ), लगभग 1 लाख बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ), लाखों स्वयंसेवकों और सभी 12 प्रमुख राजनीतिक दलों की पूर्ण भागीदारी, जिसमें उनके जिला अध्यक्ष और उनके द्वारा नियुक्त 1.6 लाख से अधिक बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) के ईमानदार प्रयासों से सफल हुआ।
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा अगले सप्ताह होने की संभावना है। चुनाव का पहला चरण छठ पर्व के तुरंत बाद अक्टूबर के अंत में होने की संभावना है। चुनाव आयोग बिहार और कुछ विधानसभा उपचुनावों के लिए 470 पर्यवेक्षकों को तैनात कर रहा है। 3 अक्टूबर को यहां जनरल, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षकों की ब्रीफिंग भी आयोजित की जाएगी। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। बिहार में पिछला विधानसभा चुनाव कोविड-19 महामारी के बीच तीन चरणों में हुआ था। (Bihar Election 2025)









