लखनऊ : Cm Yogi Launches Nivesh Mitra 3 Portal: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी के लोकभवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित उन्नत सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र 3.0’ का भव्य शुभारंभ किया। उत्तर प्रदेश को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति देने के लिए शुरू किया गया यह पोर्टल निवेश की प्रक्रिया को और भी सरल और पारदर्शी बनाएगा। इसी कार्यक्रम के दौरान सीएम ने ‘यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025’ की भी शुरुआत की। इस अवसर पर मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और फूड प्रोसेसिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों की 85 कंपनियों को ‘लेटर्स ऑफ कम्फर्ट’ और भूमि आवंटन पत्र सौंपे गए, साथ ही 2,781.12 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी वितरित की गई। निवेशकों की सुविधा के लिए ‘प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स’ योजना भी शुरू की गई है, जिससे उद्यमी बिना समय गंवाए तुरंत अपना उत्पादन शुरू कर सकेंगे।
“पहले माफिया का प्रभाव था, अब यमराज का टिकट कट रहा है”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साल 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और आज के बदलते माहौल की तुलना की। उन्होंने पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि जब 2017 में निवेश की बात होती थी, तो लोग हंसते थे और निवेशक यूपी आने से डरते थे। सीएम ने तीखे शब्दों में कहा कि पहले हर जिले में माफियाओं की समानांतर सरकारें चलती थीं और कोई भी सुरक्षित नहीं था। लेकिन आज ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का नतीजा है कि माफिया चाहे कोई भी हो, अगर उसने दुस्साहस किया तो उसका ‘यमराज के यहाँ का टिकट’ कट रहा है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि अब प्रदेश में कानून का राज है और उनकी पूंजी पूरी तरह सुरक्षित है। Cm Yogi Launches Nivesh Mitra 3 Portal
एयर कनेक्टिविटी में क्रांति: ढाई से 16 एयरपोर्ट तक का सफर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बुनियादी ढांचागत प्रगति (Infrastructure) पर जोर देते हुए बताया कि एक समय था जब यूपी में केवल ‘ढाई’ एयरपोर्ट संचालित होते थे, जिनमें लखनऊ और वाराणसी ही पूरी तरह क्रियाशील थे। गोरखपुर और आगरा जैसे शहरों में फ्लाइट्स कभी-कभार ही आती थीं। लेकिन आज उत्तर प्रदेश के पास 16 डोमेस्टिक और 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स का मजबूत नेटवर्क है। उन्होंने विशेष रूप से जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जिक्र किया, जिसका उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। सीएम ने बताया कि यह न केवल देश का सबसे बड़ा कार्गो और लॉजिस्टिक हब बनेगा, बल्कि यहाँ भारत की पहली व्यापक एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉलिंग (MRO) सुविधा भी शुरू होगी। Cm Yogi Launches Nivesh Mitra 3 Portal
स्किल और एंटरप्रेन्योरशिप के लिए नए एमओयू (MoU)
औद्योगिक विकास को धरातल पर उतारने के लिए ‘इन्वेस्ट यूपी’ ने दो महत्वपूर्ण संस्थाओं के साथ हाथ मिलाया है। ‘द कन्वर्जेंस फाउंडेशन’ के साथ ‘स्किल कनेक्ट सेल’ और एक अन्य कंपनी के साथ ‘एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेल’ स्थापित करने के लिए एमओयू साइन किए गए हैं। इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि उत्तर प्रदेश अब केवल कृषि प्रधान राज्य नहीं, बल्कि देश के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में अपनी पहचान बना चुका है, जहाँ आधुनिक तकनीक और सुरक्षा के बीच उद्योगों को फलने-फूलने का पूरा मौका मिल रहा है। Cm Yogi Launches Nivesh Mitra 3 Portal









