Nasik Ashok Kharat Fraud Baba Case: महाराष्ट्र के नासिक में आस्था और विश्वास को शर्मसार करने वाला एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। खुद को ‘कैप्टन’ और बड़ा ज्योतिषी बताने वाला अशोक खरात नाम का शख्स महिलाओं की मजबूरी और उनकी धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर उनका यौन शोषण करता था। आरोपी का काम करने का तरीका बेहद शातिर था; वह पहले महिलाओं को उनके जीवन की समस्याओं को सुलझाने का झांसा देता और फिर उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर देता था। बेहोशी की हालत में वह महिलाओं के साथ दुष्कर्म करता और इस घिनौनी करतूत की रिकॉर्डिंग भी करता था।
पेन ड्राइव में कैद 58 महिलाओं का ‘नरक’ और सीसीटीवी का जाल
पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, उन्होंने खाकी के भी होश उड़ा दिए हैं। आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान पुलिस को एक पेन ड्राइव मिली है, जिसमें 58 महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। जांच में पता चला है कि अशोक खरात ने अपने ऑफिस में छिपे हुए CCTV कैमरे लगवा रखे थे, ताकि वह महिलाओं की निजी पलों की रिकॉर्डिंग कर उन्हें ब्लैकमेल कर सके। वह महिलाओं को डराने के लिए तंत्र-मंत्र, जादू-टोना और उनके पति की मौत का डर दिखाता था, ताकि कोई भी उसके खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत न कर सके। (Nasik Ashok Kharat Fraud Baba Case)
SIT की जांच और रसूखदारों के बीच ‘आध्यात्मिक गुरु’ का चोला
इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच SIT (विशेष जांच दल) को सौंप दी गई है। आरोपी के ठिकानों से न केवल संदिग्ध दस्तावेज, बल्कि हथियार भी बरामद हुए हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पाखंडी बाबा समाज के बड़े-बड़े नेताओं, रसूखदार कारोबारियों और प्रभावशाली लोगों के बीच खुद को एक ‘आध्यात्मिक गुरु’ के तौर पर पेश करता था। रसूखदारों के साथ उसके संबंधों की वजह से ही वह अब तक कानून की नजरों से बचा हुआ था। फिलहाल पुलिस उन सभी महिलाओं की पहचान करने और आरोपी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है। (Nasik Ashok Kharat Fraud Baba Case)









