INDIA bloc Protest: विपक्ष के ‘इंडिया’ ब्लॉक के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर चल रहे भारी विरोध के बीच, राष्ट्रपति भवन ने विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, आज रात 8 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगी। यह मुलाकात दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में मची हलचल के बीच हो रही है, जहां विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर पक्षपात और मतदाता सूची में गड़बड़ी (SIR) का आरोप लगा रहा है।
INDIA bloc Protest: चुनाव आयोग और ‘वोट चोरी’ के आरोप
इस हाई-प्रोफाइल बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाना है। ‘इंडिया’ ब्लॉक का आरोप है कि ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है, जिसे उन्होंने “वोट चोरी” की संज्ञा दी है। विपक्ष का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त निष्पक्ष रूप से काम नहीं कर रहे हैं, इसलिए उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। चुनावी रोल के रिविजन (SIR) को लेकर विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया है और अब वे राष्ट्रपति से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करेंगे
2 अक्टूबर से मांगी जा रही थी तारीख
राष्ट्रपति से मिलने का समय आसानी से नहीं मिला। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के अनुसार, गठबंधन ने सबसे पहले 2 अक्टूबर को राष्ट्रपति को पत्र लिखकर समय मांगा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे। विपक्ष ने 5 अक्टूबर को नेताओं की सूची के साथ दोबारा अनुरोध भेजा और 7, 8 या 9 अक्टूबर का समय मांगा था। काफी इंतजार के बाद, आज अंतिम क्षणों में राष्ट्रपति भवन से रात 8 बजे की पुष्टि मिली। इससे पहले विपक्ष ने चेतावनी दी थी कि अगर उन्हें समय नहीं मिला, तो वे राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। (INDIA bloc Protest)
प्रतिनिधिमंडल में कौन होगा शामिल?
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति कार्यालय ने विपक्ष से अनुरोध किया था कि प्रतिनिधिमंडल का आकार छोटा रखा जाए। शुरुआत में ‘इंडिया’ ब्लॉक ने 15 नेताओं की सूची भेजी थी, लेकिन राष्ट्रपति भवन के सुझाव पर इसे 10 सदस्यों तक सीमित कर दिया गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, और अन्य प्रमुख विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना है। ममता बनर्जी और अखिलेश यादव जैसे दिग्गजों के नामों की भी चर्चा है, हालांकि अंतिम सूची बैठक के समय ही स्पष्ट होगी।









