Meloni Vs Trump: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को करारा जवाब देते हुए कहा है कि उनकी लोकप्रियता से ट्रंप का कोई लेना-देना नहीं है। मेलोनी ने ट्रंप के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि मेलोनी ने अपनी गिरती लोकप्रियता को बचाने के लिए फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान उनके साथ फोटो खिंचवाने की भीख मांगी थी। मेलोनी ने साफ शब्दों में कहा, “इटली और मैं कभी भीख नहीं मांगते।
Meloni Vs Trump: जी7 सम्मेलन की तस्वीर से शुरू हुआ दोनों नेताओं के बीच विवाद
यह पूरा विवाद फ्रांस में हुए G7 शिखर सम्मेलन की एक तस्वीर और बातचीत को लेकर शुरू हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इटली के एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया कि मेलोनी उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए बहुत बेताब थीं। ट्रंप ने कहा कि उन्हें मेलोनी पर तरस आ गया, इसलिए उन्होंने फोटो खिंचवा ली। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि मेलोनी अपनी गिरती लोकप्रियता को चमकाने के लिए ऐसा कर रही थीं।
ट्रंप ने लोकप्रियता में गिरावट और ईरान नीति को बताया वजह
ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि इटली में मेलोनी की लोकप्रियता घट रही है और इसका संबंध ईरान को परमाणु हथियार प्राप्त करने या विकसित करने से रोकने के अमेरिकी प्रयासों पर उनके रुख से जोड़ा। ट्रम्प ने कहा, “इटली में उनकी लोकप्रियता का स्तर अच्छा नहीं है, संभवतः इसलिए क्योंकि उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, एक ऐसा देश जो वास्तव में इटली से प्यार करता है और उसकी रक्षा करता है, जब ईरान को परमाणु हथियार प्राप्त करने या विकसित करने से रोकने की बात आई (लेकिन नाटो ने भी ऐसा ही किया था!)।” (Meloni Vs Trump)
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इटली द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका को इतालवी लैंडिंग स्ट्रिप्स या रनवे का उपयोग करने की अनुमति न देने की भी आलोचना की, इसे एक बड़ी रसद संबंधी चुनौती बताया। ट्रंप ने लिखा, “उन्होंने हमें इटली की लैंडिंग स्ट्रिप्स या रनवे का भी इस्तेमाल नहीं करने दिया, जो कि एक बड़ी रसद संबंधी असुविधा है, और यह इस तथ्य के बावजूद है कि अमेरिका इटली और नाटो सहयोगियों की रक्षा के लिए प्रति वर्ष सैकड़ों अरब डॉलर का योगदान देता है।”
ट्रंप ने आगे दावा किया कि अमेरिका द्वारा ईरान को सैन्य रूप से हराने के बाद, मेलोनी ने वाशिंगटन के साथ संबंध सुधारने की कोशिश की। ट्रंप ने पोस्ट में कहा, “अब, अमेरिका द्वारा ईरान को सैन्य रूप से हराने के बाद, वह अपने ‘संख्या’ बढ़ाने के लिए फिर से दोस्ती करना चाहती है। बिलकुल नहीं!!!” (Meloni Vs Trump)

“अपने काम से काम रखें”— ट्रंप पर बरसीं इटली की पीएम मेलोनी
वहीं, मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर ट्रंप के दावों को पूरी तरह से मनगढ़ंत और झूठा बताया। उन्होंने ट्रंप को अपने काम से काम रखने और अपनी लोकप्रियता पर ध्यान देने की सलाह दी। मेलोनी ने बिना किसी कूटनीतिक नरमी के ट्रंप को खरी-खोटी सुनाई। मेलोनी ने गर्व से कहा कि इटली एक संप्रभु देश है और वह किसी के सामने नहीं गिड़गिड़ाता। उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता देश के हितों की रक्षा करने पर निर्भर करती है, ट्रंप का दोस्त होने या न होने से इस पर कोई फर्क नहीं पड़ता। मेलोनी ने हैरानी जताई कि अमेरिकी राष्ट्रपति अपने ही सहयोगी देशों के साथ ऐसा बर्ताव क्यों करते हैं, जबकि वे अपने दुश्मनों के खिलाफ इतनी सख्ती नहीं दिखाते।
विदेश मंत्री ने अमेरिका दौरा रद्द कर जताया विरोध
इस जुबानी जंग के बाद दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रिश्ते बिगड़ने के संकेत मिल रहे हैं। इस विवाद के विरोध में इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तायानी ने अपनी तय अमेरिका यात्रा रद्द कर दी है। इटली के रक्षा मंत्री और अन्य मंत्रियों ने भी ट्रंप के इस बयान की कड़ी निंदा की है और इसे पूरे इटली का अपमान बताया है। ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने पर मेलोनी पहली यूरोपीय नेता थीं, जो उनके शपथ ग्रहण में शामिल हुई थीं, लेकिन ईरान और यूक्रेन संकट पर दोनों के बीच दूरियां बढ़ गईं। (Meloni Vs Trump)
मोदी-मेलोनी सेल्फी का हवाला देकर ट्रंप को जवाब दे रहे समर्थक
मेलोनी ने हाल ही में पोप द्वारा ईरान युद्ध की निंदा किए जाने पर ट्रंप द्वारा पोप की आलोचना करने का विरोध किया था, जिसके बाद ट्रंप ने मेलोनी को कमजोर कहा था। मेलोनी के समर्थक सोशल मीडिया पर भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बिना किसी स्क्रिप्ट वाली लोकप्रिय सेल्फी का उदाहरण देकर ट्रंप को जवाब दे रहे हैं।









