Noida Fire Accident: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-119 स्थित हाईराइज हाउसिंग सोसाइटी ‘द अरण्य’ में सोमवार सुबह एक फ्लैट की 21वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। भीषण आग की लपटों को देख सोसाइटी परिसर में हड़कंप मच गया। आग की शुरुआत AC फटने या शॉर्ट सर्किट की वजह से होने की आशंका जताई गई है, जिसने देखते ही देखते कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।
Noida Fire Accident: 21वीं मंजिल पर AC ब्लास्ट से लगी भीषण आग
शुरुआती जांच के अनुसार, सोसाइटी के टावर की 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में AC ब्लास्ट होने से यह आग भड़की। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत फोन कर फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस (थाना सेक्टर-113) और दमकल विभाग की 6 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं।
गनीमत यह रही कि समय रहते प्रभावित और आसपास के फ्लैटों को एहतियातन खाली करा लिया गया। फिलहाल किसी भी जनहानि या किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सीएफओ गौतमबुद्ध नगर व स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद है। आग बुझाई जा रही है। अभी तक की जानकारी मै कोई फंसा नहीं है, कोई जनहानि नही है। (Noida Fire Accident)
मुख्यमंत्री योगी ने लिया तत्काल संज्ञान, अधिकारियों को मौके पर रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को कई महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। जिला स्तर के अधिकारियों और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) को तत्काल खुद मौके पर रहकर स्थिति को संभालने को कहा गया। प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने का आदेश दिया गया है। यदि कोई प्रभावित या मामूली रूप से घायल हुआ हो, तो उसे तत्काल समुचित और उचित इलाज मुहैया कराया जाए। (Noida Fire Accident)
हाईराइज सोसाइटियों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में फायर सेफ्टी मानकों की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, गर्मियों के मौसम में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण एसी ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं तेजी से सामने आ रही हैं। नोएडा पुलिस और दमकल विभाग ने सभी हाईराइज सोसाइटी के निवासियों से बिजली उपकरणों की समय पर सर्विस कराने और सुरक्षा मानकों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। (Noida Fire Accident)









