Prateek Yadav Post Mortem Report: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आज सुबह लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया। अब प्रतीक यादव की मौत को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स से हुई। रिपोर्ट में अत्यधिक पल्मोनरी थ्रोम्बोम्बोलिज्म का भी जिक्र किया गया है।
Prateek Yadav Post Mortem Report: KGMU की रिपोर्ट में कई अहम संकेत, विसरा और हार्ट सैंपल सुरक्षित
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में किए गए पोस्टमार्टम के अनुसार, उनकी मृत्यु का कारण फेफड़ों में भारी मात्रा में रक्त के थक्के जमने से उत्पन्न कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स बताया गया है। अस्पताल ने बुधवार को बताया कि प्रतीक यादव को पिछले एक साल में कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में कई बार भर्ती कराया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई अहम बातें सामने आई हैं. फोरेंसिक विशेषज्ञों ने आगे की जांच के लिए पूरे हार्ट और पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिक सामग्री को फॉर्मेलिन में सुरक्षित रखा है, ताकि हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच की जा सके. इसके अलावा विसरा सैंपल को डिटेल रासायनिक विश्लेषण के लिए संबंधित पुलिस को सौंप दिया गया है, जिससे मौत से जुड़े अन्य संभावित कारणों की भी जांच हो सके। (Prateek Yadav Post Mortem Report)

पिछले एक साल से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे प्रतीक यादव
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शरीर पर मिले सभी चोट के निशान मृत्यु से पहले के थे। अब जांच एजेंसियां मेडिकल रिपोर्ट और रासायनिक विश्लेषण के आधार पर पूरे मामले की आगे जांच कर रही हैं।
खबरों के मुताबिक, उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें 29 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सांस लेने में गंभीर तकलीफ और श्वसन संकट की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि इलाज और कुछ समय बाद हालत स्थिर होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई और वे घर लौट गए थे। (Prateek Yadav Post Mortem Report)
पिपरा घाट पर होगा अंतिम संस्कार, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12:30 बजे लखनऊ के पिपरा घाट पर किया जाएगा। प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर उनके आवास पर पहुंचा दिया गया है, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। इस दौरान समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव भी परिवार से मिलने पहुंचीं। मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल यादव भी शोक व्यक्त करने के लिए घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। (Prateek Yadav Post Mortem Report)









