Punjab Nikay Chunav Result 2026: पंजाब के निकाय चुनाव रिजल्ट ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी का आधार काफी मजबूत है। शुक्रवार सुबह 8 बजे से ही आठ नगर निगम,75 नगर काउंसिल और 19 नगर पंचायत के लिए 26 मई को हुए मतदान की मतगणना शुरू हुई। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2026 के पंजाब शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में शानदार जीत हासिल की है, 937 वार्डों के साथ सबसे अधिक सीटें जीती हैं।
वहीं, कांग्रेस 376 वार्डों में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि 248 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की। शिरोमणि अकाली दल को 189 वार्डों में जीत मिली है, जबकि भारतीय जनता पार्टी 167 वार्डों में विजयी रही। बहुजन समाज पार्टी के खाते में 7 वार्ड आए हैं। चुनाव परिणाम 23 जिलों के 102 शहरी निकायों के वार्डों पर आधारित हैं।
Punjab Nikay Chunav Result 2026: मनीष सिसोदिया का दावा- ‘सुशासन और विकास कार्यों पर जनता ने लगाई मुहर’
इस बीच, आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि राज्य की जनता सुशासन की सराहना करती है और पिछले साढ़े चार वर्षों से आम आदमी पार्टी के कार्यों से खुश है। उन्होंने कहा, ‘मैं अरविंद केजरीवाल के प्रति दिखाए गए विश्वास और सम्मान के लिए पंजाब की जनता का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पूरे पंजाब में लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया है। वे सुशासन की सराहना करते हैं और पिछले साढ़े चार वर्षों के कार्यों से संतुष्ट हैं। सरकार ने गांवों और शहरों में अच्छा काम किया है और मतदाताओं ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।’
इससे पहले, आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और अन्य पार्टी नेताओं ने 2026 के चुनावों में बढ़त हासिल करने के बाद चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया। (Punjab Nikay Chunav Result 2026)
मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच जारी रही वोटों की गिनती
इस बीच, पंजाब नगर निकाय चुनावों के लिए राज्य भर के कई मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। इस प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी पुलिस तैनाती की गई है। पंजाब भर में 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए 26 मई को मतदान हुआ। राज्य में विभिन्न नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए कुल 7,555 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, आम आदमी पार्टी (AAP) ने 1,801 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने 1,550 उम्मीदवार उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 1,316 उम्मीदवार और शिरोमणि अकाली दल के 1,251 उम्मीदवार नगर निकाय चुनाव में शामिल हैं। अधिकारी सुबह तड़के ही मतगणना केंद्रों पर पहुंच गए और मतगणना प्रक्रिया शुरू कर दी। शांतिपूर्ण और सुचारू मतगणना सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। (Punjab Nikay Chunav Result 2026)









