R Praggnanandhaa: भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रग्नानंद (R Praggnanandhaa) ने 5 जून 2026 को अंतिम दौर में जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराकर प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज 2026 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। वह इस एलीट शतरंज प्रतियोगिता को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। 20 वर्षीय ग्रैंडमास्टर ने विश्व नंबर 1 मैग्नस कार्लसन, मौजूदा विश्व चैंपियन गुकेश डी, अलीरेज़ा फ़िरोज़जा, वेस्ली सो और विंसेंट कीमर जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की।
मैग्नस कार्लसन को दो बार हराकर R Praggnanandhaa ने दिखाया दम
प्रग्नानंद ने 10 राउंड की इस प्रतियोगिता के अंतिम दौर में 3 पूरे अंकों के साथ क्लासिकल जीत हासिल की और कुल 18 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इसी टूर्नामेंट के दौरान 20 वर्षीय प्रग्नानंद ने विश्व के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को दो बार क्लासिकल मैचों में मात दी—एक बार तीसरे राउंड में सफेद मोहरों से और फिर आठवें राउंड में काले मोहरों से। वह 2007 में विश्वनाथन आनंद के बाद कार्लसन को एक ही क्लासिकल टूर्नामेंट में दो बार हराने वाले पहले भारतीय और दुनिया के इकलौते खिलाड़ी बने।
देशभर से मिली बधाइयां, गौतम अदानी ने सराहा प्रदर्शन
प्रग्नानंद (R Praggnanandhaa) ने इस टूर्नामेंट में शानदार वापसी करते हुए मैग्नस कार्लसन, विश्व चैंपियन डी गुकेश, अलीरेज़ा फ़िरोज़जा, वेस्ली सो और विंसेंट कीमर जैसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस शानदार जीत पर अदानी समूह के अध्यक्ष गौतम अदानी सहित पूरे देश ने उन्हें बधाई दी है और इसे भारतीय शतरंज के इतिहास का एक गौरवशाली पल बताया है।
पीएम मोदी ने बताया करियर का महत्वपूर्ण मील का पत्थर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आर प्रग्नानंद (R Praggnanandhaa) को नॉर्वे शतरंज प्रतियोगिता में उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और इसे एक उपलब्धि और युवा ग्रैंडमास्टर के करियर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने वैश्विक मंच पर प्रग्नानंद की निरंतर उत्कृष्टता की प्रशंसा की और भविष्य में और भी अधिक सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, ‘प्रग्नानंद को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई! यह वास्तव में एक अविश्वसनीय उपलब्धि है जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता को उजागर करती है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।’
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा—भारत के लिए गौरव का क्षण
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने भी प्रग्नानंद (R Praggnanandhaa) को उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी और इसे तमिलनाडु और भारत के लिए गौरव का पल बताया। उन्होंने टूर्नामेंट में प्रग्नानंद के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को दो बार हराने और लगातार चार जीत हासिल करने की उनकी उपलब्धि का विशेष रूप से जिक्र किया।
विजय ने एक पोस्ट में लिखा, ‘ग्रैंडमास्टर आर प्रग्नानंद को हार्दिक बधाई, जिन्होंने नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में आयोजित नॉर्वे शतरंज 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने शानदार और बुद्धिमत्तापूर्ण प्रदर्शन से यह उपलब्धि हासिल की है। वे मौजूदा चैंपियन मैग्नस कार्लसन को एक ही टूर्नामेंट में दो बार हराकर लगातार चार जीत दर्ज करने में सफल रहे हैं। मैं ग्रैंडमास्टर प्रग्नानंद को शुभकामनाएं देता हूं, जिन्होंने तमिलनाडु और भारत दोनों को गौरवान्वित किया है, और भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने के लिए उनकी सफलता की कामना करता हूं।’









