विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए बीजेपी को ‘भ्रष्ट जनता पार्टी’ करार दिया। अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर उन्नाव और हाथरस जैसे मामलों को उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी का ‘डबल इंजन’ केवल अरबपतियों के लिए चल रहा है, जबकि आम जनता भ्रष्टाचार और अन्याय की आग में झुलस रही है।
“जब सत्ता रक्षक ही भक्षक की भूमिका में नजर आए, तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए?” राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक बेहद कड़ा प्रहार करते हुए बीजेपी को ‘भ्रष्ट जनता पार्टी’ के नए नाम से संबोधित किया है। उन्होंने अंकिता भंडारी की रूह कपा देने वाली हत्या से लेकर उन्नाव के जख्मों तक को कुरेदते हुए सवाल किया कि आखिर क्यों अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है? राहुल का यह हमला केवल राजनीतिक नहीं है, बल्कि यह उन मासूमों की चीखों और गिरते हुए पुलों के मलबे से उपजा वो आक्रोश है, जो ‘डबल इंजन’ सरकार की नैतिकता को सीधे कटघरे में खड़ा करता है।

बीजेपी को कहा ‘भ्रष्ट जनता पार्टी’
राहुल गांधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘देश भर में भ्रष्ट जनता पार्टी की डबल इंजन सरकारों ने जनता की जिंदगी तबाह कर दी है। राहुल गांधी ने आगे लिखा, ‘भ्रष्टाचार के साथ सत्ता का दुरुपयोग और अहंकार का जहर BJP की राजनीति में ऊपर से नीचे तक फैल चुका है। इनके सिस्टम में गरीब, असहाय, मजदूर और मध्यमवर्ग की जिंदगी सिर्फ आंकड़ा है और विकास के नाम पर वसूली-तंत्र चल रहा है।’

अंकिता भंडारी मामला
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की हत्या का जिक्र करते हुए राहुल ने पूछा कि वह ‘VIP’ कौन है जिसे बचाने के लिए सत्ता तंत्र आज भी जोर लगा रहा है? उन्होंने कहा कि न्याय आज भी अधूरा है।राहुल गांधी ने आगे कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध भी एक बड़ी समस्या है। राहुल ने उन्नाव बलात्कार कांड का उदाहरण देते हुए याद दिलाया कि कैसे अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला और पीड़िता को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ा।
राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी जी का ‘डबल इंजन’ केवल अरबपतियों के मुनाफे के लिए है, जबकि आम आदमी धूल, प्रदूषण और आपदाओं के बीच पिस रहा है।
भ्रष्टाचार पर राहुल गांधी का सीधा प्रहार
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में आगे लिखा, ‘खांसी के सिरप से बच्चों की मौतें, सरकारी अस्पतालों में नवजातों को मारते चूहे, सरकारी स्कूलों की गिरती छतें – ये लापरवाही नहीं, भ्रष्टाचार की सीधी मार है। पुल गिरते हैं, सड़कें धंसती हैं, ट्रेन हादसों में परिवार मिट जाते हैं और BJP सरकार हर बार वही करती है: फोटो-ऑप, ट्वीट और मुआवजे की औपचारिकता।’

राहुल गांधी ने डबल इंजन सरकार को घेरते हुए लिखा, ‘मोदी जी का डबल इंजन चल रहा है – लेकिन सिर्फ अरबपतियों के लिए। आम भारतीय के लिए ये भ्रष्टाचार की डबल इंजन सरकार विकास नहीं, तबाही की रफ्तार है – जो हर दिन किसी न किसी की जिंदगी कुचल रहा है।’









