Shraddha Dubey Arrest: लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी और मॉडल-इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे को उत्तर प्रदेश STF और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। श्रद्धा के साथ इस हत्याकांड में नामजद उसकी बहन रश्मि दुबे और उनके ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को भी दबोचा गया है।
9 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर कैफे मालिक शिवा शर्मा (28) की संदिग्ध मौत हो गई थी। इसके बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिन पर पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों की आज, 21 अक्टूबर 2026 को नागपुर की जिला अदालत में पेशी की तैयारी है, जहां यूपी पुलिस उनकी ट्रांजिट रिमांड मांगेगी।
Shraddha Dubey Arrest: कैसे हुई गिरफ्तारी?
श्रद्धा दुबे पुलिस की कार्यप्रणाली और सर्विलांस तकनीकों से अच्छी तरह वाकिफ थी, जिसके कारण वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी। एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर और एसटीएफ) अमिताभ यश के अनुसार, श्रद्धा पुलिस से करीब 10 से 12 घंटे आगे चल रही थी। श्रद्धा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बड़े और आलीशान होटलों के बजाय छोटे होटलों में रुकना शुरू किया। पहचान छिपाने और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वह बुर्के का इस्तेमाल कर रही थी। उसने ट्रैकिंग से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल बेहद कम कर दिया था।पुलिस को ऑफ-ट्रैक करने के लिए उसने कानपुर से नागपुर जाने के लिए एक प्राइवेट टैक्सी हायर की थी।
पुलिस और एसटीएफ की लगातार दबिश के बावजूद श्रद्धा के ठाठ-बाठ और ‘जलवे’ में फरारी के दौरान भी कोई कमी नहीं आई। गिरफ्तारी के वक्त भी वह लाखों रुपये के ब्रांडेड नाइट सूट और करीब बीस हजार रुपये की महंगी स्लीपर पहने हुई थी। इसके अलावा, उसके पास से चार-चार iPhone बरामद होने की भी चर्चा है, जिससे उसके रसूख और शातिरपन का अंदाजा लगाया जा सकता है। (Shraddha Dubey Arrest)
नागपुर से आगे निकलने की तैयारी के बीच STF ने दबोचा
बता दें, पुलिस और एसटीएफ की शुरुआती जांच में सामने आया है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन और गैंग की अन्य सदस्य रश्मि दुबे के साथ मिलकर पूरी ऐशो-आराम के साथ फरारी काट रही थी। उसकी यह फरारी किसी एक जगह नहीं, बल्कि एक राज्य से दूसरे राज्य तक खुली छूट की तरह चल रही थी। लखनऊ से भागने के बाद वह नेपाल पहुँची, फिर नेपाल से वापस लखनऊ लौटी। इसके बाद उसने रायबरेली, आगरा और झांसी के रास्ते महाराष्ट्र का रुख किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नागपुर से किसी अन्य सुरक्षित ठिकाने पर निकलने की फिराक में बैठी श्रद्धा को यूपी एसटीएफ ने ठीक उसी वक्त धर दबोचा जब वह भागने की तैयारी कर रही थी।
जांच एजेंसियों का मानना है कि करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की बेरहमी से हत्या करने वाली यह शातिर महिला एक बड़ा वसूली गैंग संचालित करती थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब एसटीएफ और स्थानीय पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ करने की तैयारी में है। (Shraddha Dubey Arrest)
कहां से पकड़े गए तीनों आरोपी?
11 दिनों की लंबी फरारी और करीब 925 किलोमीटर की भागदौड़ के बाद, यूपी एसटीएफ और नागपुर पुलिस ने मिलकर इस नेटवर्क को तोड़ा। नागपुर पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक से मिले सुराग के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। तीनों आरोपियों को नागपुर के बाहरी इलाके चिंचभुवन में स्थित एक अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल पर किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को हिरासत में लिए जाने के बाद कागजी औपचारिकताओं और मेडिकल टेस्ट के लिए इन्हें स्थानीय पुलिस थानों (बेलतरोड़ी और हुड़केश्वर) में रखा गया।
किसके साथ और कहां-कहां भागी श्रद्धा?
श्रद्धा दुबे अपनी फरारी के दौरान अकेले नहीं थी। उसके साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और उनका वफादार ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश हर कदम पर साथ थे। इनकी 11 दिनों की फरारी का रूट चार्ट किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा रहा। 9 अक्टूबर को लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत के बाद मामला दर्ज हुआ। इसके अगले दिन, 10 अक्टूबर को, तीनों सुबह करीब 6 बजे रूपईडीहा बॉर्डर के रास्ते नेपाल फरार हो गए, जहां बुर्के में श्रद्धा की तस्वीर भी सामने आई। पुलिस को भ्रमित करने के लिए वे नेपाल से लौटकर दोबारा लखनऊ पहुंचे। (Shraddha Dubey Arrest)
इसके बाद श्रद्धा रायबरेली गई, लेकिन फिर लखनऊ लौट आई और एक गोपनीय स्थान से मीडिया के सामने अपनी सफाई पेश की। उसने खुद को बेकसूर बताते हुए दावा किया था कि शिवा ने उसकी आंखों के सामने छलांग लगाई थी। अग्रिम जमानत पाने की कोशिशें नाकाम होने के बाद श्रद्धा आगरा पहुंची और वहां से सीधे नागपुर निकल गई, जहां आखिरकार उसे पकड़ लिया गया।
आज कोर्ट में पेशी और ट्रांजिट रिमांड की तैयारी
गिरफ्तारी के बाद आज 21 अक्टूबर को श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश को नागपुर जिला कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम नागपुर अदालत से तीनों आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद यूपी पुलिस इन्हें कानूनी रूप से नागपुर से लखनऊ ला सकेगी। लखनऊ लाने के बाद पुलिस इनसे कड़ाई से पूछताछ करेगी ताकि शिवा शर्मा की मौत के पीछे छिपे हत्या के पूरे षड्यंत्र, प्रॉपर्टी विवाद और वित्तीय लेन-देन के राज से पर्दा उठाया जा सके। (Shraddha Dubey Arrest)









