सीतापुर बेल्टकांड: बीएसए पर बेल्ट से हमला, फिर राजनीति और अफवाहों का तांडव

सीतापुर बेल्टकांड

Sitapur: 23 सितम्बर को उत्तर प्रदेश के सीतापुर ज़िले में बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अखिलेश प्रताप सिंह पर उनके ही एक स्कूल जो कि महमूदाबाद में है, उसके प्रधानाचार्य विजेंद्र वर्मा ने बेल्ट से हमला कर दिया। यह घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो वायरल होते ही पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया। कुछ शिक्षक संगठन बीएसए के समर्थन में खड़े हो गए तो कुछ ने उल्टा उन्हीं पर सवाल खड़े कर दिए।

लेकिन यह कहानी यहीं तक सीमित नहीं रही—देखते ही देखते यह मामला जाति, राजनीति, महिला शिक्षक के चरित्र हनन और अफवाहों का ऐसा जाल बन गया जिसने शिक्षा विभाग की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बेल्टकांड की शुरुआत: ऑफिस में हिंसा

23 सितम्बर की दोपहर बीएसए ऑफिस में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रधानाचार्य विजेंद्र वर्मा ने अचानक बेल्ट निकालकर अधिकारी पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह वर्मा को रोका। पुलिस पहुंची और वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। कोर्ट ने भी उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी।

सियासत का एंगल: जाति बनाम जाति

घटना के चंद घंटों में राजनीतिक दल सक्रिय हो गए। वीडियो फुटेज में हमला साफ़ दिख रहा था, लेकिन विपक्ष ने इसे सवर्ण बनाम ओबीसी का मुद्दा बनाने की कोशिश की। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर योगी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने भी सीतापुर में प्रदर्शन और ज्ञापन देकर इस मामले को तूल देने की कोशिश की। राजनीतिक विमर्श में शिक्षा विभाग की अनुशासनहीनता गायब हो गई और मुद्दा जातीय खांचे में सिमट गया।

नया मोड़: महिला अध्यापिका पर आरोप

जब वीडियो से प्रधानाचार्य का बचाव संभव नहीं रहा तो बहस का रुख एक महिला शिक्षिका की ओर मोड़ दिया गया। आरोप लगाया गया कि शिक्षिका अवंतिका गुप्ता लंबे समय से ड्यूटी से गायब थीं। कहा गया कि बीएसए उनके पक्ष में दबाव बना रहे थे और प्रधानाचार्य इसी से नाराज़ थे। एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल हुआ जिसमें बीएसए आरोपी प्रधानाचार्य से कहते सुने गए कि “अवंतिका मेडिकल लीव पर हैं।” लेकिन इस ऑडियो की प्रमाणिकता अभी तक साबित नहीं हुई।

चरित्र हनन और फेक तस्वीरें

इसके बाद सोशल मीडिया पर बीएसए और शिक्षिका की कथित नज़दीकियों की कहानियाँ गढ़ी जाने लगीं। AI से बनाए गए नकली फोटो और मीम्स वायरल हुए। एक तस्वीर में बीएसए अपनी पत्नी के साथ दिख रहे थे, लेकिन उसे शिक्षिका के साथ जोड़कर फैलाया गया। सवाल ये उठता है क्या महिला और पुरुष के बीच किसी विवाद का आसान समाधान अब सिर्फ़ चरित्र हनन ही है?

जांच के घेरे में कई सवाल

इस पूरे मामले में कई बुनियादी सवाल अब भी जिनके जवाब मिलने बेहद जरूरी है, क्या मारपीट की असली वजह वही है जो सोशल मीडिया पर बताई जा रही है? घटना के तुरंत बाद यह जानकारी कैसे फैली कि विवाद अवंतिका गुप्ता की अटेंडेंस को लेकर था? अगर ऑडियो असली है, तो वह प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी के तुरंत बाद लीक कैसे हुआ? और अगर बीएसए सचमुच दबाव बना रहे थे, तो प्रधानाचार्य ने शिकायत करने की बजाय बेल्ट से हमला क्यों किया?

छात्रों और ग्रामीणों का प्रदर्शन

प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी के बाद नदवा गांव में छात्रों का प्रदर्शन हुआ। कई बच्चों ने कहा—”मैडम स्कूल आती तो हैं, लेकिन पढ़ाती नहीं, सिर्फ़ मेकअप करती हैं।” गर्मी में कुछ छात्र बेहोश भी हो गए। लेकिन बाद में जांच में सामने आया कि गांव के कुछ लोगों ने बच्चों को इस तरह के बयान देने और विरोध करने के लिए प्रेरित किया था।

सरकार और प्रशासन की कार्रवाई

इस घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में अदालत से प्नधानाचार्य विजेंद्र वर्मा की जमानत याचिका खारिज हो गई। आरोपी शिक्षिका अवंतिका गुप्ता को भी निलंबित कर दिया गया। मामले की निष्पक्ष जाच के लिए बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह पर भी जांच बैठा दी गई है और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को गंभीर मानते हुए गहराई से जांच के निर्देश दिए हैं।

बड़ी तस्वीर: शिक्षा विभाग पर दाग

बडी तस्वीर ये है कि उत्तर प्रदेश में लाखो की संख्या में छात्र और कई हजार शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात हैं। अकेले सीतापुर जिले में ही करीब 3200 स्कूल हैं, जिनमें 18000 शिक्षक काम करते हैं। लेकिन सीतापुर की ये घटना सिर्फ़ एक मारपीट की घटना नहीं, बल्कि एक सिस्टम की पोल खोलती है, जिसमें शिक्षकों की अनुशासनहीनता, अफसरों पर पक्षपात और दबाव के आरोप, राजनीति और जातीय समीकरणों की दखलअंदाज़ी और अफवाहों की बाढ़ जिसने असली मुद्दे को पीछे धकेल दिया।

सीतापुर बेल्टकांड अब केवल एक ज़िले का विवाद नहीं रहा, बल्कि यह प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और समाज की सोच पर भी सवाल छोड़ गया है। जिसका दाग बहुत जल्द धुलने वाला नही।

Comments are closed.

और पढ़ें