UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज, भारी बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए योगी सरकार ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को स्वयं क्षेत्र में जाकर स्थिति का जायजा लेने और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की निगरानी करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने रेड अलर्ट और आकस्मिक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में आवश्यकतानुसार स्कूल बंद रखने के निर्देश भी दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के साथ ही आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि से होने वाली क्षति का तत्काल आकलन करने को कहा गया है। प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
UP Weather Alert: संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाए निगरानी
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा है कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार जनसुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखा जाए।
सरकार की ओर से लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है। आकाशीय बिजली और अतिवृष्टि के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। लोगों से नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में जाने या स्नान करने से बचने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। (UP Weather Alert)
जर्जर मकानों और झोपड़ियों में रहने वालों पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने जर्जर मकानों और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों या नजदीकी राहत शरणालयों में पहुंचाया जाए।
अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि भारी बारिश या आकस्मिक बाढ़ की स्थिति में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। प्रशासन को राहत शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। (UP Weather Alert)
राहत आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
वहीं इससे पहले राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर मौसम की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 से 27 सितंबर तक भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। (UP Weather Alert)
राहत आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जान-माल की सुरक्षा प्रशासन का दायित्व है। जिलाधिकारी स्वयं फील्ड में रहकर स्थिति का निरीक्षण करें और आमजन से लगातार संवाद बनाए रखें। मौसम संबंधी चेतावनियों और जरूरी सावधानियों की जानकारी पब्लिक एड्रेस सिस्टम, स्थानीय संचार माध्यमों और अन्य उपलब्ध संसाधनों के जरिए व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
रेड अलर्ट वाले जिलों में विशेष सतर्कता
लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में रेड अलर्ट को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत अन्य क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए अधिकारी सक्रिय रहेंगे।
बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में तैयारी
आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए सुरक्षा और राहत एजेंसियों को आवश्यकतानुसार तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। (UP Weather Alert)
आंधी-वज्रपात से बचाव पर जोर
राहत आयुक्त ने निर्देश दिए कि तेज आंधी और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थान, पेड़, बाग और पार्क में जाने से रोका जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो। राहत और बचाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखी जाएं तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।









