Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के गन्ना और चीनी उद्योग ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश की 8 सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय स्तर पर दक्षता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ये पुरस्कार शुक्रवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार समारोह में दिए गए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यूपी की चीनी मिलों को सम्मानित किया।
राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ (NFCSF) हर साल देश की सहकारी चीनी मिलों को उनके बेहतर काम के लिए ये पुरस्कार देता है। गन्ना विकास, तकनीकी काम, वित्तीय प्रबंधन और मिल के कुल प्रदर्शन जैसे क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाली चीनी मिलों को सम्मानित किया जाता है।
Uttar Pradesh: नजीबाबाद की चीनी मिल को मिला सर्वश्रेष्ठ मिल का पुरस्कार
वर्ष 2024-25 के पुरस्कारों में उत्तर प्रदेश की दि किसान सहकारी चीनी मिल, स्नेह रोड, नजीबाबाद (बिजनौर) को सभी प्रमुख क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए समग्र रूप से सर्वश्रेष्ठ सहकारी चीनी मिल का पुरस्कार मिला है। इसके अलावा सरजू सहकारी चीनी मिल, बेलरायां (लखीमपुर खीरी) को गन्ना विकास के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए सम्मानित किया गया। दि किसान सहकारी चीनी मिल, गजरौला (अमरोहा) को चीनी की रिकवरी बढ़ाने के लिए पुरस्कार मिला। वहीं बागपत को-ऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड, बागपत को बेहतर वित्तीय प्रबंधन के लिए सम्मानित किया गया।
2025-26 में भी यूपी की चार मिलों ने जीते पुरस्कार
वर्ष 2025-26 के लिए घोषित पुरस्कारों में भी उत्तर प्रदेश की चार सहकारी चीनी मिलों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल, मोरना (मुजफ्फरनगर) को गन्ना विकास के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए पुरस्कार मिला है। (Uttar Pradesh)
रमाला सहकारी चीनी मिल, रमाला (बागपत) और पूर्वी उत्तर प्रदेश की दि किसान सहकारी चीनी मिल, सठियांव (आजमगढ़) को बेहतर तकनीकी दक्षता के लिए सम्मानित किया गया है। वहीं दि किसान सहकारी चीनी मिल, पुवायां (शाहजहांपुर) को बेहतर वित्तीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार दिया गया।
अधिकारियों ने दी बधाई
प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना, गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस., सहकारी चीनी मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक मंगला प्रसाद सिंह और संयुक्त प्रबंध निदेशक अमृत पाल कौर ने मिलों के प्रबंधन और कर्मचारियों को बधाई दी है। अधिकारियों ने इस उपलब्धि के लिए चीनी मिलों के प्रबंधन और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। (Uttar Pradesh)









