Atiq Ahmed Son Death: उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई है। यह हादसा तब हुआ जब उनकी तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर हाइवे पर एक डिवाइडर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि अबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने आए थे। शुरुआती खबरों के अनुसार यह हादसा जेल में मुलाकात करने के बाद वापस प्रयागराज लौटते समय हुआ।
इस दर्दनाक हादसे में कार सवार कुल 5 लोगों में से दो लोगों की मौत हो गई है, जिनमें अबान और उनका एक साथी (सोनू/अहजम) शामिल हैं। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। झांसी पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के स्पष्ट कारणों की आगे जांच की जा रही है।









