Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में वीआईपी सुरक्षा और डिजिटल इंडिया के दावों के बीच साइबर अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। कौशांबी की चायल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। शातिर अपराधियों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगाकर 1.55 लाख रुपये उड़ा लिए हैं।
हैरान करने वाली बात यह है कि विधायक के आईफोन को हैक करके इस पूरी धोखाधड़ी को अंजाम दिए जाने की आशंका है। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और साइबर सेल सहित पुलिस की टीमें जांच में जुट गई हैं।
Uttar Pradesh: किस्तों में साफ की रकम, 14 सितंबर को हुआ खुलासा
विधायक पूजा पाल का प्रयागराज के धूमनगंज स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI) की शाखा में खाता है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, साइबर अपराधियों ने एक झटके में नहीं, बल्कि बेहद शातिराना तरीके से कई बार में पैसे निकाले। ठगी का यह खेल 22 अगस्त से 13 सितंबर 2026 के बीच करीब दो हफ्ते से अधिक समय तक चलता रहा।
खाते से रकम निकालने के लिए PhonePe और UPI का इस्तेमाल किया गया। विधायक को इस अनधिकृत लेनदेन की भनक तक नहीं लगी। जब 14 सितंबर को उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच करवाई, तब जाकर उन्हें पता चला कि बिना उनकी अनुमति के खाते से करीब 1.55 लाख रुपये गायब किए जा चुके हैं। (Uttar Pradesh)
आईफोन हैक होने की आशंका
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू तकनीकी सुरक्षा से जुड़ा है। विधायक पूजा पाल ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने उनके आईफोन 17 एयर में को रिमोटली हैक कर लिया। हैकिंग के जरिए अपराधियों ने उनके पर्सनल डेटा, मोबाइल डेटा और बैंकिंग क्रेडेंशियल्स तक पहुंच बना ली और फिर यूपीआई के जरिए ट्रांजैक्शन को अंजाम दिया। आम तौर पर आईफोन को सुरक्षा के लिहाज से बेहद मजबूत माना जाता है, ऐसे में इस दावे ने साइबर विशेषज्ञों को भी चिंता में डाल दिया है।
धूमनगंज थाने में FIR दर्ज, जांच शुरू
खाते से अवैध निकासी का पता चलते ही विधायक पूजा पाल ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत प्रयागराज के धूमनगंज थाने, साइबर क्राइम थाना और संबंधित बैंक शाखा के प्रबंधक को सौंपी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया है।धूमनगंज थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम तकनीकी पहलुओं को खंगालने में लगी है। (Uttar Pradesh)
विधायक ने पुलिस से मांग की है कि 22 अगस्त से 13 सितंबर के बीच हुए सभी PhonePe और UPI ट्रांजैक्शन की आईडी, संबंधित बैंक खातों की जांच की जाए और उनके मोबाइल फोन का तकनीकी ऑडिट कराया जाए ताकि सच सामने आ सके। इसके साथ ही उन्होंने अपनी डूबी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पूजा पाल उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक जाना-माना चेहरा हैं। वह वर्तमान में चायल सीट से विधायक होने के साथ-साथ भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। इससे पहले वह समाजवादी पार्टी (SP) में थीं और 2022 का विधानसभा चुनाव उन्होंने सपा के टिकट पर ही जीता था, लेकिन बाद में वह पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गईं। वह प्रयागराज के पूर्व चर्चित विधायक दिवंगत राजू पाल की पत्नी हैं। इतने बड़े राजनीतिक रसूख वाले जनप्रतिनिधि के साथ हुई इस डिजिटल डकैती ने राज्य में आम नागरिकों की साइबर सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









